विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरानी दिल्ली हाट की जगह बनेगा यूनिटी मॉल, देशभर के व्यंजनों और हस्तशिल्प का मिलेगा संगम

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:24 PM (IST)

पुरानी दिल्ली हाट की जगह पीतमपुरा में नया यूनिटी मॉल विकसित होगा, जो देश की विविध संस्कृतियों, खानपान और हस्तशिल्प ...और पढ़ें

पीतमपुरा में यूनिटी मॉल: भारत की संस्कृति, कला और स्वाद का अनूठा संगम। (एआई जेनरेटेड इमेज)

पीतमपुरा में यूनिटी मॉल: भारत की संस्कृति, कला और स्वाद का अनूठा संगम। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. पुरानी दिल्ली हाट की जगह नया यूनिटी मॉल विकसित होगा।

  2. देश की विविध संस्कृतियों, खानपान, हस्तशिल्प को दर्शाएगा।

  3. 'एक जिला, एक उत्पाद' पहल के तहत 200 करोड़ की लागत।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पीतमपुरा स्थित पुरानी दिल्ली हाट की जगह अब नया यूनिटी (एकता) मॉल विकसित किया जाएगा। यह मॉल देश की विविध संस्कृतियों, खानपान, हस्तशिल्प, कला और पारंपरिक उत्पादों को एक मंच पर लाएगा। केंद्र सरकार की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) पहल के तहत करीब 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इस परियोजना को विकसित किया जाएगा। मॉल में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 36 स्टॉल बनाए जाने की योजना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोग अपने परिवार के साथ यहां आकर देशभर के अलग-अलग व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि कई साल पहले बनाए गए दिल्ली हाट को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा, जो शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात होगी।

यूनिटी मॉल के निर्माण के लिए पहले ही जारी हो चुका है टेंडर

अधिकारियों ने बताया कि यूनिटी मॉल के निर्माण के लिए दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) की ओर से टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। परियोजना का उद्देश्य देशभर के कारीगरों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना और स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों, कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।

उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल के साथ फूड कोर्ट भी

मॉल में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जिलों के उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल के साथ फूड कोर्ट भी होगा। इसके अलावा आगंतुकों के लिए सार्वजनिक सुविधाएं, पार्किंग, प्रदर्शनी स्थल और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विशेष क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। मॉल में कार्यक्रमों, शिखर सम्मेलनों और सम्मेलनों के आयोजन के लिए भी स्थान उपलब्ध होगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर बड़ा वार: अब एक फॉर्मूला नहीं, हॉटस्पॉट के हिसाब से बनेगी स्पेशल एक्शन प्लान