डेंगू मलेरिया से भी लोग रहें सतर्क: जय प्रकाश
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने नागरिकों से अपील की है कि वह डेंगू-मलेरिया से सतर्क रहें।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश ने नागरिकों से अपील की है कि वह डेंगू-मलेरिया से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि कभी गर्मी तो कभी बरसात होने से डेंगू-मलेरिया का खतरा बढ़ रहा है। बरसात होने से छतों से लेकर गमलों और आस-पास खाली प्लाटों में पानी जमा हो सकता है। इसलिए नागरिक अपने छतों से टूटे कप, टायर और खाली गमले हटा ले ताकि इसमें पानी जमा न हो। वहीं पक्षियों को पानी पिलाने के बर्तन को भी नियमित रूप से पानी बदले। क्योंकि, एक सप्ताह तक पानी जमा होने पर डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनियां के मच्छर के पनपने का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि निगम विभिन्न क्षेत्रों में डेंगू-मलेरिया से बचने के लिए जागरुकता अभियान चला रहा है। वहीं निगम आने वाले दिनों घर-घर पर मच्छर मारने की दवाईयां पहुंचाने की व्यवस्था करेगा। इसके लिए विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) से बात चल रही है। निगम की योजना है कि प्रत्येक आरडब्ल्यूए को मच्छर मारने की दवा उपलब्ध करा दी जाए ताकि वह अपने क्षेत्र के लोगों को पहुंचा दे।इस वर्ष कोरोना के चलते निगम के कर्मचारी सैनिटाइजेशन के कार्य में भी लगे हैं। जिससे निगम के पास कर्मियों की कमी हो गई है। लेकिन निगम दोनों कार्यों को बखूबी करने का प्रयास कर रहा है।