विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जन्म से रीढ़ की हड्डी में थी परेशानी, सर्जरी के बाद 5 साल में पहली बार पीठ के बल सोई बच्ची

Published: Wed, 01 Jul 2026 07:39 AM (IST)

पापुआ न्यू गिनी के दो बच्चे, हेन्सली और फ्रांसिस्को, जन्म से रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, जिसके कारण उन्हें कई शारीरिक समस्याएं थीं। 

पापुआ न्यू गिनी से सर्जरी के लिए भारत आए दोनों बच्चों के साथ सफल सर्जरी के बाद मैक्स अस्पताल साकेत के चिकित्सक। सौजन्य :अस्पताल

पापुआ न्यू गिनी से सर्जरी के लिए भारत आए दोनों बच्चों के साथ सफल सर्जरी के बाद मैक्स अस्पताल साकेत के चिकित्सक। सौजन्य :अस्पताल

HighLights

  1. जन्म से रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे बच्चे।

  2. मैक्स स्मार्ट अस्पताल दिल्ली में सफल सर्जरी के बाद मिली राहत।

  3. फोलिक एसिड से जन्मजात बीमारियों को रोका जा सकता है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पापुआ न्यू गिनी की पांच वर्षीय बच्ची हेन्सली जन्म से ही रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उसकी पीठ के निचले हिस्से में बड़ी सूजन थी, जिसके कारण वह जन्म से कभी पीठ के बल नहीं सो पाई और हमेशा करवट लेकर सोने को मजबूर रही।

अब मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल साकेत में सफल सर्जरी के बाद वह पहली बार पीठ के बल लेट और सो पा रही है। इसी अस्पताल में उसके सात वर्षीय चचेरे भाई मास्टर फ्रांसिस्को का भी सफल इलाज किया गया। दोनों बच्चे जन्म से ही न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट नामक बीमारी से जूझ रहे थे।

लकवाग्रस्त था शरीर का निचला हिस्सा

इस बीमारी के कारण उनके शरीर का निचला हिस्सा लकवाग्रस्त था और उन्हें पेशाब पर भी नियंत्रण नहीं था। हेन्सली की पीठ पर करीब 10×12 सेंटीमीटर की बड़ी सूजन थी। जांच में उसकी रीढ़ टेढ़ी होने और शरीर के निचले हिस्से में संवेदना न होने का पता चला।

वहीं फ्रांसिस्को को रीढ़ की सूजन, टेढ़ी रीढ़, दोनों पैरों में क्लबफुट, बाईं ओर हर्निया और ब्लैडर नियंत्रण न रहने जैसी कई समस्याएं थीं। पहले किसी अन्य देश में हुई सर्जरी के बाद उसके दोनों पैरों की हरकत भी खत्म हो गई थी। वर्ष 2018 में उसके दिमाग में जमा अतिरिक्त तरल पदार्थ निकालने के लिए वीपी शंट सर्जरी भी की गई थी।

बेहतर इलाज की सुविधा नहीं मिलने के कारण दोनों बच्चों के परिवार भारत आए। मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल साकेत के न्यूरोसर्जरी विभाग के वाइस चेयरमैन एवं हेड तथा न्यूरो-इंटरवेंशन यूनिट के प्रमुख प्रो. डा. दलजीत सिंह और न्यूरोसर्जरी कंसल्टेंट डा. सिमरनजीत सिंह के नेतृत्व में डाक्टरों की टीम ने दोनों बच्चों की जांच की और एक ही दिन सर्जरी करने का फैसला लिया।

डॉक्टरों ने फ्रांसिस्को की रीढ़ की खराबी को ठीक किया और त्वचा की मरम्मत के लिए फ्लैप रोटेशन सर्जरी की। जबकि हेन्सली की रीढ़ में मौजूद गांठ को हटाकर उसे ठीक किया गया। प्रो. डा. दलजीत सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों में कुछ लक्षण समान थे, लेकिन बीमारी की वजह अलग-अलग थी। सर्जरी के बाद दोनों बच्चों को विशेष निगरानी और फिजियोथेरेपी दी गई।

हेन्सली पहली बार पीठ के बल लेट सकी, जबकि फ्रांसिस्को की स्थिति में भी सुधार हुआ। आठ दिन बाद हेन्सली और दस दिन बाद फ्रांसिस्को को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बताया कि गर्भावस्था से पहले और शुरुआती दिनों में फोलिक एसिड लेने तथा समय पर जांच कराने से ऐसी कई जन्मजात बीमारियों को रोका जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।