विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान की डिजिटल साजिश का खुलासा, 100 से अधिक फर्जी अकाउंट बनाकर फैला रहे थे तनाव, जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:47 PM (IST)

पाकिस्तान समर्थित आतंकी और दुष्प्रचार नेटवर्क फर्जी खबरों से भारतीय सेना और समाज में अविश्वास फैला रहे हैं। हालिया जांच में 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया हैंडल का खुलासा हुआ है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क सेना और समाज में अविश्वास फैला रहे हैं।

  2. 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया हैंडल से दुष्प्रचार फैलाया गया।

  3. जैश-ए-मोहम्मद संदिग्ध गिरफ्तार, युवाओं को आतंकी हमलों के लिए उकसा रहा था।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर फर्जी खबरों के जरिये सेना के प्रति अविश्वास पैदा करना, धार्मिक भावनाओं को भड़काकर समाज में तनाव फैलाना और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से युवाओं का ब्रेनवाश कर उन्हें आतंकी हमलों के लिए तैयार करना। पाकिस्तान समर्थित आतंकी और दुष्प्रचार नेटवर्क भारत के खिलाफ इन तीनों मोर्चों पर सक्रिय हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की हालिया जांच में ऐसी ही एक बड़ी साजिश की परतें खुली हैं। एक तरफ 100 से अधिक फर्जी इंटरनेट मीडिया हैंडल के जरिये भारतीय सेना और देश की सामाजिक एकता को निशाना बनाने का मामला सामने आया है।

वहीं दूसरी तरफ जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी से दिल्ली समेत एनसीआर को निशाना बनाने की साजिश का पता चला है।

100 से अधिक फर्जी हैंडल की पहचान

दोनों मामलों में डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल पाकिस्तान में बैठे हैंडलर अपने मंसूबों को आगे बढ़ाने के लिए कर रहे थे।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 13 सितंबर से 18 नवंबर के बीच चलाए गए अभियान में 100 से अधिक फर्जी इंटरनेट मीडिया हैंडल की पहचान की गई।

भारतीय नामों से बना रहे फर्जी प्रोफाइल

इन खातों के जरिये 28 बड़े झूठे दावे फैलाए गए, जिन्हें 28 लाख से अधिक बार देखा गया। जांच में सामने आया कि यह सामान्य दुष्प्रचार नहीं, बल्कि एक सुनियोजित डिजिटल तंत्र था। इसमें पहले भारतीय नामों और पहचान वाले फर्जी प्रोफाइल से भ्रामक पोस्ट डाली जाती थीं।

फिर सहयोगी खाते उन्हें साझा कर वायरल करते थे। इसके बाद आइएसआइ समर्थित मीडिया हैंडल और वेबसाइट इन्हीं झूठे दावों को खबर के रूप में प्रचारित कर उनकी विश्वसनीयता बढ़ाने की कोशिश करते थे।

पहले सेना, फिर धार्मिक भावनाओं पर निशाना

इस नेटवर्क के शुरुआती निशाने पर भारतीय सेना का शीर्ष नेतृत्व था। सैन्य अधिकारियों को लेकर भ्रम फैलाकर सेना के भीतर असंतोष और अविश्वास पैदा करने की कोशिश की गई। इसमें अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर दुष्प्रचार का रुख धार्मिक भावनाओं की ओर मोड़ दिया गया।

10 नवंबर को गाजियाबाद में पांच मस्जिदें गिराने और पुलिस फायरिंग, 15 नवंबर को कोलकाता में नमाजियों पर गोली चलाने और 17 नवंबर को बंगाल में चर्च जलाने और पांच ईसाइयों की मौत के फर्जी दावे प्रसारित किए गए।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, झारखंड और पंजाब-हरियाणा सीमा पर वर्ष 2022 और 2024 में हुई वास्तविक झड़पों के पुराने वीडियो को नई घटनाओं से जोड़कर साझा किया गया। मकसद था कि झूठी खबरों और पुराने दृश्यों के सहारे देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा किया जाए।

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

इसी बीच, खुफिया एजेंसियों ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गुप्त रूप से गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को सौंपा। सूत्रों के मुताबिक, 'उमर' छद्म नाम से सक्रिय यह संदिग्ध पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।

आरोप है कि वह वाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्म के जरिये युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था और उन्हें स्थानीय स्तर पर हमले करने के लिए उकसा रहा था। जांच एजेंसियां अब उसके पाकिस्तानी हैंडलर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी हैं।

मामले की जांच कर रही पुलिस

आरोपित से जुड़े कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई है। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें कुछ युवा कट्टरपंथ के शुरुआती चरण में थे। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि गिरफ्तार संदिग्ध ने पहले किसी हिंसक वारदात की योजना बनाई थी या उसमें उसकी कोई भूमिका रही है।

लाल किले पर हुए धमाके की बरसी के आसपास मिली आतंकी गतिविधियों की आशंकाओं के बीच हुई इस गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां पूरे नेटवर्क की फंडिंग, लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल कड़ियों की जांच कर रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।