दिल्ली के पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल का लिंटर ढहा, मलबे में दबकर 8 श्रमिक घायल; सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
दिल्ली के पहाड़गंज में एक निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिर गया। घटना में पांच लोगों के घायल होने की खबर है।

पहाड़गंज में होटल निर्माण के दौरान गिरा लिंटर। फोटो-साकिब खान
HighLights
दिल्ली के पहाड़गंज में निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरा।
हादसे में पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दमकल विभाग, एनडीआरएफ मौके पर, बचाव कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन होटल में बड़ा हादसा हो गया। दूसरी मंजिल का लिंटर डालने के दौरान इमारत की पहली मंजिल का लिंटर ढह गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे आठ श्रमिक मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
सभी घायलों को तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ श्रमिकों को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम 4:40 बजे पहाड़गंज थाने में पीसीआर काल के जरिये इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। हादसा कशेरूवालन स्थित संगतराशान में प्रापर्टी नंबर 3992-3993 पर हुआ। यह इमारत गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने स्थित है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
दूसरी मंजिल की छत का डाला जा रहा था लिंटर
जांच में सामने आया कि इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। घटना के समय दूसरी मंजिल की छत का लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक पहली मंजिल का लिंटर भरभराकर गिर पड़ा।
शुरुआती जांच में इमारत के सपोर्टिंग कालम गीले पाए गए। साथ ही इमारत एक तरफ झुकी हुई भी दिखाई दी। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और इमारत की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घायलों की हुई पहचान
घायलों की पहचान शेख सद्दाम, शेख राजा, मो. सुहेल, संजुद खान, गौतम यादव, वरुण यादव, राजा और मंटसु के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी का विस्तृत मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फिलहाल इमारत का हिस्सा गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।