'ऑपरेशन मिलाप' को मिली बड़ी सफलता, दिल्ली पुलिस ने 80 लापता लोगों को ढूंढकर परिवारों से मिलाया
दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत सितंबर में 80 लापता लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया, जिनमें 22 बच्चे और 58 वयस्क शामिल थे।
-1791082784756_m.webp)
80 लापता लोगों को खोजकर परिजनों से मिलाया। AI जनरेटेड
HighLights
ऑपरेशन मिलाप के तहत सितंबर में 80 लापता लोग मिले।
इनमें 22 बच्चे और 58 वयस्क शामिल थे।
पुलिस ने गहन तलाशी अभियान चलाकर सफलता पाई।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली में दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत 1 से 30 सितंबर के बीच 80 लापता लोगों को खोजकर परिजनों से मिलाया, जिनमें 22 लापता या अगवा बच्चे और 58 वयस्क शामिल थे।
ऑपरेशन के दौरान जिन लोगों का पुलिस ने पता लगाया, उनमें 2021 से लापता व्यक्ति, 2024 से लापता नाबालिग और 2025 से गुम दो वयस्क शामिल हैं। बाकी 76 लोग 2026 में लापता हुए थे।
लापता लोगों की तस्वीरें लगाईं
दक्षिणी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के मुताबिक, गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीमों ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ की, सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ऑटो स्टैंड, ई-रिक्शा स्टैंड, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर लापता लोगों की तस्वीरें लगाईं।
पुलिस के अनुसार, लापता लोगों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए बस ड्राइवरों, कंडक्टरों और वेंडरों से भी पूछताछ की गई।
लापता लोगों को सकुशल बरामद किया
आरके पुरम पुलिस स्टेशन की टीमों ने चार, साउथ कैंपस पुलिस दो, वसंत कुंज नार्थ ने तीन, वसंत कुंज साउथ ने सात, कापसहेड़ा पुलिस 16, पालम विलेज पुलिस ने 10, सागरपुर पुलिस ने 12, सरोजिनी नगर पुलिस ने छह, सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस ने चार, किशनगढ़ पुलिस ने छह, साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने 10 लापता लोगों को सकुशल बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि एक 1 जनवरी से 30 सितंबर के बीच अब तक कुल 1,229 लापता लोगों (जिनमें 318 बच्चे और 911 वयस्क शामिल हैं) का पता लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: लापता डॉग्स 'ओरियो' और 'लूना' की तलाश में लगे पोस्टर, ढूंढने वाले को मिलेगा 50 हजार का इनाम
