विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS summit 2026: जमीन से आसमान तक एंटी-ड्रोन ग्रिड का पहरा, 5000 ट्रैफिक कर्मी तैनात; 13 होटल बने छावनी

Published: Thu, 10 Sep 2026 11:47 AM (IST)

दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है, जिसमें जमीन से आसमान तक कड़ी निगरानी रहेगी।

दिल्ली में ब्रिक्स समिट को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में ब्रिक्स समिट को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन हेतु दिल्ली में बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड तैयार

  2. भारत मंडपम, होटलों, एयरपोर्ट पर जमीन से आसमान तक कड़ी निगरानी

  3. 5,000 ट्रैफिक कर्मी तैनात; 'ऑपरेशन ब्रिक्स कवच' के तहत सुरक्षा अभ्यास

राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड तैयार किया है।

11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, 13 लग्जरी होटल, एयरपोर्ट और वीवीआईपी कॉरिडोर समेत दिल्ली में जमीन से आसमान तक कड़ी निगरानी रहेगी। सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 5,000 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

डेढ़ माह से तैयार हो रहा सुरक्षा खाका

जी-20 शिखर सम्मेलन की तर्ज पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पिछले डेढ़ माह से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में जुटी थीं। रूस समेत कई देशों की सुरक्षा एजेंसियां 10 दिन पहले ही भारत पहुंच गई थीं और भारतीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर सुरक्षा का खाका तैयार कर रही हैं।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं। 11 सितंबर को अधिकतर विदेशी मेहमानों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

भारत मंडपम और होटलों पर कड़ी निगरानी

मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम, विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले 13 लग्जरी होटल, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर VVIP कॉरिडोर तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

हवाई खतरों से निपटने के लिए डीआरडीओ द्वारा विकसित काउंटर ड्रोन सिस्टम तैनात किए गए हैं। सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली के एयरस्पेस पर पैनी नजर रहेगी। अनधिकृत ड्रोन या उड़ने वाली वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

ऑपरेशन ब्रिक्स कवच में मेगा रिहर्सल

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की स्वाट टीमों ने संयुक्त रूप से ''ऑपरेशन ब्रिक्स कवच'' के तहत माक ड्रिल और मेगा रिहर्सल की है। भारत मंडपम और VVIP होटलों में स्नाइपर्स और काउंटर-टेरर स्क्वायड 24 घंटे तैनात रहेंगे।

दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के पुलिस प्रमुखों के साथ समन्वय बैठक भी की है। इसके बाद सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

5000 ट्रैफिक कर्मी संभालेंगे VVIP आवाजाही

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठकें हैदराबाद हाउस, सात लोक कल्याण मार्ग और सेवा तीर्थ, नई दिल्ली में होंगी। सम्मेलन में कुल 26 राष्ट्राध्यक्षों, सरकार प्रमुखों और आउटरीच आमंत्रित सदस्यों के भाग लेने की उम्मीद है। राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के नई दिल्ली व दक्षिण-पश्चिम जिले के 13 होटलों में ठहरने की संभावना है।

ट्रैफिक पुलिस ने VVIP और प्रतिनिधियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ आम वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही को यथासंभव सामान्य रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है।

ट्रैफिक मैनेजमेंट और रेगुलेशन के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट डिवीजन के 5,000 अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। विशेष आयुक्त अजय चौधरी की देखरेख में एक संयुक्त आयुक्त, तीन एडिशनल पुलिस कमिश्नर, 14 डीसीपी, 67 एसीपी और 168 इंस्पेक्टर तैनात होंगे।

तैनाती को नौ जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की कमान डीसीपी रैंक के अधिकारी और प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एसीपी या सीनियर इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी के पास रहेगी। सम्मेलन के दौरान 22 डायवर्जन प्वाइंट्स की पहचान की गई है।

298 पीसीआर वैन रहेंगी चौबीसों घंटे तैनात

ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा के लिए नई दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम जिले में 298 पीसीआर वैन तैनात रहेंगी। इसके अलावा पूरी दिल्ली में 900 पीसीआर को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।

कार्यक्रम स्थल, विदेशी मेहमानों के होटल और उनके रूट के सभी प्रमुख प्वाइंट्स पर पीसीआर वैन तैनात रहेंगी। कम्यूनिकेशन के लिए कंट्रोल रूम, सब कंट्रोल रूम और मोबाइल कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। मोबाइल कम्यूनिकेशन वैन भी तैनात रहेंगी, जिन्हें जरूरत के अनुसार कहीं भी भेजा जा सकेगा। केंद्रीय कंट्रोल कमांड रूम में तैनात कर्मी सम्मेलन के दौरान 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे।

इन आठ होटलों में ठहरेंगे VVIP मेहमान

होटल ठहरने वाले प्रमुख मेहमान
ओबेराय इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, इथियोपिया के प्रधानमंत्री, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति, ईरान के राष्ट्रपति, थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री
लीला अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, सऊदी अरब के विदेश मंत्री, बहरीन के विदेश मंत्री, ब्राज़ील के विदेश मंत्री
आईटीसी मौर्या रूस के राष्ट्रपति, उज़्बेकिस्तान और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री
ललित दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति, बुरुंडी के राष्ट्रपति
ताज मानसिंह फिलीपींस के राष्ट्रपति, वियतनाम के प्रधानमंत्री, क्यूबा के विदेश मंत्री, उरुग्वे के विदेश मंत्री, विश्व व्यापार संगठन के महानिदेशक, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक, बोलिविया के डेलीगेट्स
ताज पैलेस चीन के राष्ट्रपति, बेलारूस के राष्ट्रपति
ली मेरिडियन मलेशिया के प्रधानमंत्री, नाइजीरिया के विदेश मंत्री, युगांडा के उपराष्ट्रपति, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव, एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक के अध्यक्ष, न्यू डेवलपमेंट बैंक के अध्यक्ष
होटल शेरेटन मिस्र के राष्ट्रपति

यह भी पढ़ें- BRICS Summit 2026: दिल्ली में 3 दिन के लिए 22 प्वॉइंट पर डायवर्जन और 35 सड़कें बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी