मकान में घुस रहे चोर को लोगों ने पकड़कर पीटा, मौत
जागरण संवाददाता पूर्वी दिल्ली पांडव नगर इलाके में एक घर में चोरी की नीयत से दाखिल होने क
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पांडव नगर इलाके में एक घर में चोरी की नीयत से दाखिल होने की कोशिश रह रहे दो बदमाशों में से एक स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने अपना आपा खोकर कानून अपने हाथ में ले लिया। पुलिस को सौंपने के बजाय लोग उसे पीटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी हालत में उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में दाखिल कराया। यहां चार घंटे के इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस आरोपित को लेकर थाने में आ गई। यहां पूछताछ शुरू हुई तभी उसकी तबियत फिर से खराब हो गई। पुलिस उसे लेकर फिर अस्पताल पहुंची। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सलमान निवासी दादरी, गौतमबुद्धनगर, उप्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह के मुताबिक, मंडावली थाने में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। बाद में घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पिटाई करने वालों में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान राजेश कुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार सुबह पांच बजे की है। सी ब्लॉक, पांडव नगर में रहने वाले राजेश कुमार के घर में खिड़की के रास्ते दो बदमाश घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सुबह की सैर पर निकले एक शख्स की नजर उन पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचा दिया। मकान मालिक राजेश और पांच-छह लोग बाहर निकल गए। उन्होंने दोनों बदमाशों को घेर लिया, लेकिन एक बदमाश किसी तरह से भाग निकला। सलमान लोगों के गुस्से का शिकार हो गया। लोगों ने हाथ-पैर व डंडे से पिटाई की। इसमें सलमान बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसने भागने की कोशिश भी की, लेकिन वह नाले में गिर गया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल से इलाज कराने के बाद थाने में उससे पूछताछ हुई तो सलमान ने बताया कि वह अपने एक साथी दीपक के साथ चोरी करने के लिए पहुंचा था। इस दौरान उसकी तबियत फिर से बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस पिटाई करने वाले अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
सात दिन से घर से था गायब
सलमान के परिवार ने पुलिस को बताया है कि वह नशे का आदी था। वह घर से कई दिनों तक गायब रहता था। इस बार भी वह सात दिनों से घर नहीं लौटा था। उधर, इस घटना के बाद से उसका साथी भी गायब है।