भारत के जिगर का टुकड़ा है पूर्वोत्तर : राजनाथ सिंह
-जो भी भारतीय नागरिक हैं उनका नाम एनआरसी में जरूर होगा शामिल - नेस्ट फेस्ट में पूर्वोत्तर भारत
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि जो भी भारतीय नागरिक हैं उनका नाम राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में जरूर शामिल होगा। उन्होंने कहा कि मैं यह भरोसा और विश्वास दिलाना चाहता हूं। इसलिए इसको लेकर किसी भी प्रकार की शंका नहीं होनी चाहिए।
तालकटोरा स्टेडियम में माय होम इंडिया द्वारा आयोजित नेस्ट-फेस्ट- 2018 में दिल्ली में रहने वाले पूर्वोत्तर राज्यों के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कम से कम कौन स्वदेशी है, कौन विदेशी है, इसकी जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए असम में एनआरसी बनाने का सिलसिला चल रहा है। इसको लेकर शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं, लेकिन यह कार्य सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर भारत का मुकुट है और पूर्वोत्तर राज्य भारत के हाथ हैं, लेकिन मैं मानता हूं कि पूर्वोत्तर भारत का हाथ नहीं बल्कि जिगर का टुकड़ा है। जबतक पूर्वोत्तर के राज्यों का विकास नहीं होगा तबतक पूरे देश के विकास की कल्पना नहीं कर सकते।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री उत्तर-पूर्व राज्यों को 'अष्ट लक्ष्मी' बनाने के संकल्प से आगे बढ़ रहे हैं। हम अपने युवाओं और उनकी दक्षता के बल पर इन्हें विकसित राज्य बनाने के सपने को जरूर पूरा करेंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि हमारी सरकार कनेक्टिविटी क्राति पर काम कर रही है। उड़ान योजना के अंतर्गत जल्द ही पूर्वोत्तर के सभी राज्यों के दिल्ली से जोड़ने के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू होंगी। संस्था के संस्थापक एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने कहा कि राजनाथ सिंह पहले ऐसे गृहमंत्री हैं जो सबसे अधिक बार पूर्वोत्तर राज्यों में गए हैं। उनके कार्यकाल में पूर्वोत्तर राज्यों में एक भी उग्रवादी घटना नहीं हुई है और वहा सुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने बताया कि नेस्ट फेस्ट का आयोजन पूर्वोत्तर राज्यों से दिल्ली में पढ़ाई के लिए आने वाले नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए किया जाता है। कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों की नृत्य व कला संस्कृति को प्रस्तुत किया गया। बॉलीवुड गायक जुबिन गर्ग के गानों पर युवा जमकर थिरके। इंडियन आइडल -4 की विजेता सुरभी देववर्मा ने अपनी आवाज से कार्यक्रम में समा बांध दिया।