'अब नहीं करूंगी आइटम सॉन्ग...', नोरा फतेही ने 'सरके चुनर' गाना विवाद में NCW से मांगी माफी
नोरा फतेही ने राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने 'सरके चुनर' गाने के लिए लिखित में माफी मांगी है और भविष्य में ऐसे आइटम सॉन्ग न करने का वादा किया है।
HighLights
नोरा फतेही ने 'सरके चुनर' गाने पर NCW से माफी मांगी।
भविष्य में आइटम सॉन्ग न करने का लिखित वादा किया।
संजय दत्त ने 50 आदिवासी बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठाया।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग में 'सरके चुनर' गाने से संबंधित मामले की बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। इस दौरान फिल्म अभिनेत्री नोरा फतेही आयोग के समक्ष पेश हुईं। उन्होंने अपने आयटम सॉन्ग के लिए आयोग के सामने लिखित में माफी मांगी और कहा कि वह अब ऐसे आयटम सॉन्ग नहीं करेंगी।
नोरा ने लिखित माफ़ी मांगते हुए कहा है कि आगे से वह ऐसे किसी भी सांग में परफॉर्म नहीं करेंगी, जिससे समाज में महिलाओं को लेकर किसी प्रकार का गलत संदेश जाए।

अनाथ बच्चों की पढ़ाई का उठाएंगी खर्च
राष्ट्रीय महिला आयोग के दफ्तर से बाहर निकलकर नोरा ने पत्रकारों से बात की और कहा कि उन्होंने आयोग के सामने लिखित में माफी मांग ली है। उनका इरादा किसी की भावनाओं को हर्ट करने का नहीं था। उन्होंने आयोग के सामने कुछ अनाथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की भी बात कही है।
27 अप्रैल को पेश हुए थे संजय दत्त
27 अप्रैल के हुई सुनवाई में फिल्म अभिनेता संजय दत्त पेश हुए थे। अश्लील गाने को लेकर सफाई देते हुए उन्होंने माफी भी मांगी थी। साथ ही 50 आदिवासी बेटियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का शपथपत्र दिया था।
उन्होंने सफाई में कहा था कि शूटिंग के समय गाना कन्नड़ में था। हिंदी डबिंग का जानकारी उन्हें नहीं थी। उस सुनवाई में नोरा फतेही शामिल नहीं हो पायी थीं।

आयोग ने लिया था स्वतः संज्ञान
दरअसल, विवादित गाने में कथित अश्लीलता और आपत्तिजनक बोल को लेकर आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया था। मामले में फिल्म अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरी फातेही को नोटिस जारी किया था।
इससे पहले छह अप्रैल को हुई सुनवाई में नोरा फतेही की ओर से उनके वकील पेश हुए थे, पर आयोग ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
वहीं अभिनेत्री को 27 अप्रैल की सुनवाई में स्वयं उपस्थित होने का निर्देश दिया था। आयोग की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर ने सुनवाई के दौरान गाने के बोलों पर गंभीर आपत्ति जताई थी।
उन्होंने कहा था कि ऐसे गीत महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं और 'रचनात्मकता के नाम पर महिलाओं की गरिमा से समझौता नहीं किया जा सकता।'

27 अप्रैल को पेश नहीं हुई थीं नोरा
हालांकि आयोग की सख्ती के बाद भी 27 अप्रैल को नोरा फतेही पेश नहीं हुईं। इस मामले में गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम और प्रोडक्शन कंपनी के प्रतिनिधि भी आयोग के सामने पेश हुए।
उन्होंने लिखित माफीनामा देते हुए माना कि गाने का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और भविष्य में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करने का आश्वासन दिया।
विवादित गाना कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का हिस्सा है, जिसे रिलीज के बाद इंटरनेट मीडिया पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। बढ़ते विरोध के बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा भी दिया गया है।
यह भी पढ़ें- नोरा फतेही के साथ Dhurandhar एक्टर राकेश बेदी का डांस नंबर, बोले - 'मैंने अपना बेस्ट करने की कोशिश...'
यह भी पढ़ें- 'माफ कीजिए...', सरके चुनरी तेरी विवाद में NCW से संजय दत्त ने मांगी माफी; 50 आदिवासी बेटियों की पढ़ाई का उठाएंगे खर्च
