राजधानी में सुरक्षित नहीं बुजुर्ग महिलाएं
लोकेश चौहान, दक्षिणी दिल्ली राजधानी दिल्ली इन दिनों बुजुर्गो के लिए खतरनाक होती जा रही है। खासकर ब
लोकेश चौहान, दक्षिणी दिल्ली
राजधानी दिल्ली इन दिनों बुजुर्गो के लिए खतरनाक होती जा रही है। खासकर बुजुर्ग महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। एक सप्ताह में तीन महिलाओं की हत्या तो यही बताती है कि बुजुर्ग महिलाएं घर के अंदर और बाहर हर जगह असुरक्षित हैं। एक मामले में आरोपित स्वयं थाने पहुंचे, जबकि बाकी दो मामलों में पुलिस का हत्यारों तक पहुंचना तो दूर, अब तक कोई सुराग भी हाथ नहीं लगा है। जिन तीन महिलाओं की हत्या की गई है, उनमें से दो को उनके घर में निशाना बनाया गया, जबकि एक को सड़क पर। तीनों हत्याएं लूट के इरादे से की गई हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या 30 हजार से अधिक है। यह वह डाटा है, जो पुलिस के पास है, जबकि काफी संख्या में ऐसे वरिष्ठ नागरिक भी हैं, जो अकेले रह रहे हैं लेकिन पुलिस के डाटा में शामिल नहीं हैं। सरिता विहार में जिस महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी, वह अकेले रह रही थी और पुलिस के पास उसका कोई रिकॉर्ड नहीं था, जबकि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दी जानी जाहिए। पुलिस के सीनियर सिटीजन सेल व सीनियर सिटीजन एप के बावजूद राजधानी में बुजुर्गों के साथ लगातार वारदात हो रही हैं। लगातार घटनाओं से सकते में बुजुर्ग
1. कपड़ा मंत्रालय में एडिशनल कमिश्नर के पद से सेवानिवृत्त तैमूर नगर में रहने वाली 72 वर्षीय रूपलता की हत्या करने के बाद उनके शव को सरिता विहार फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। उनके साथ लूट हुई थी। पुलिस अब तक उनके हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा सकी है। 2. वसंत कुंज एंक्लेव में रहने वाली 53 वर्षीय फैशन डिजाइनर माला लखानी की उनके घर में हत्या कर दी गई। हत्या के बाद तीन आरोपितों ने लूट की और फिर स्वयं थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। 3. सरिता विहार के डीडीए फ्लैट में सेवानिवृत्त पति के साथ रहने वाली 73 वर्षीय सावित्री देवी की हत्या उनके फ्लैट में तब कर दी गई, जब वह अकेली थीं। पुलिस अब तक हत्या करने वाले के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं जुटा पाई है। --------
वरिष्ठ नागरिकों के पंजीकरण और उनकी सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव को सरिता विहार में झाड़ियों में फेंक दिया गया था, उसका सीनियर सिटीजन सेल में पंजीकरण क्यों नहीं था, इसकी जांच कराई जा रही है। डीडीए फ्लैट के अंदर हुई महिला की हत्या के मामले में भी जांच जारी है। जल्द ही पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार कर लेगी।
- देवेश चंद श्रीवास्तव, संयुक्त आयुक्त, साउथ रेंज