विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री का बैग चुराने वाला गिरफ्तार, 5200 डॉलर और 7.90 लाख के गहने बरामद

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:34 PM (IST)

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से यात्री का ट्रॉली बैग चुराने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने छह घंटे ...और पढ़ें

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बैग चोर गिरफ्तार।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बैग चोर गिरफ्तार।

HighLights

  1. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री का ट्रॉली बैग चोरी हुआ।

  2. पुलिस ने छह घंटे में आरोपी शकील खान को गिरफ्तार किया।

  3. 5,200 अमेरिकी डॉलर और 7.90 लाख के गहने बरामद किए गए।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से यात्री का कीमती सामान और विदेशी मुद्रा से भरा ट्रॉली बैग चुराने के मामले में छह घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5,200 अमेरिकी डॉलर (लगभग 5.40 लाख) और 7.90 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।

डीसीपी बी भरत रेड्डी के मुताबिक 21 सितंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 16 पर दोपहर करीब साढे 12 बजे एक ट्रेन से ट्राली बैग चोरी होने की शिकायत मिली। बिहार के सीवान के रहने वाले शिकायतकर्ता दिल्ली पहुंचकर बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सवार हो रहे थे, तभी उनका ट्रॉली बैग चोरी हो गया।

बैग में 5,200 अमेरिकी डॉलर, लाखों के आभूषण रखे थे

चोरी हुए बैग में 5,200 अमेरिकी डॉलर, लाखों के आभूषण, पासपोर्ट व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। 'रेल मदद' पोर्टल के माध्यम से शिकायत मिलने के तुरंत बाद, जीआरपी और आरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।

तकनीकी सर्विलांस और प्लेटफार्म नंबर 16 के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध, ट्राली बैग चुराते हुए दिखाई दिया। इसके बाद आरोपित प्लेटफार्म नंबर 15 की दूसरी तरफ उतरकर फुट ओवर ब्रिज की ओर जाता हुआ नजर आया।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से ही गिरफ्तार कर लिया

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध की पहचान शकील खान उर्फ शकील आलम (कटिहार) के रूप में कर उसे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा ट्राली बैग और उसमें रखा सारा सामान बरामद कर लिया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में SIR पूरी होने में पांच दिन बाकी, 15 लाख से ज्यादा मतदाताओं तक नहीं पहुंचा नोटिस