CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन, 700 से ज्यादा हिरासत में; कई रास्ते और 12 मेट्रो स्टेशन रहे बंद
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान 700 से अधिक कार्यकर्ताओं को ...और पढ़ें

जंतर मंतर के समीप अशोक रोड पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा लगाकर प्रदर्शन करते प्रदर्शनकार। चंद्र प्रकाश मिश्र
HighLights
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन।
दिल्ली में 700 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
सुरक्षा के चलते 12 मेट्रो स्टेशन और कई रास्ते बंद रहे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर शुक्रवार को प्रदर्शन की कोशिश की गई। इसके साथ कनाॅट प्लेस की सड़कों पर भारी हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने अशोका रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया और पूर्व मुख्यमंत्री व आप नेता आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, अनुराग ढांढा, कुलदीप कुमार, जरनैल सिंह सहित 700 से अधिक कार्यकर्ताओं व प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।
चुनाव आयोग के दफ्तर भी नहीं जाने दिया
आप के साथ कांग्रेस के युवा संगठन आईवाईसी, एनएसयूआई और वामपंथी छात्र संगठनों एसएफआई, एआईएसए आदि के कार्यकर्ता भारी संख्या में जंतर-मंतर के पास पहुंचने की कोशिश करने लगे। हालांकि, प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के साथ पुलिस ने उन्हें चुनाव आयोग के दफ्तर की तरफ भी नहीं जाने दिया।

सभी रास्तों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती
बता दें कि वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण में गड़बड़ी और बड़े पैमाने पर वोट काटे जाने का आरोप लगाते हुए विपक्षी संगठनों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। लेकिन पुलिस की तरफ से इसकी मंजूरी नहीं दी गई।

इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया था। सुबह से ही आरएमएल अस्पताल, गोल डाकखाना, एसबीआइ बिल्डिंग, केरला हाउस, जनपथ, मंडी हाउस समेत अलग-अलग रास्तों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर दी गई थी।

कई प्रदर्शनकारियों ने की धक्का-मुक्की
वहीं, जंतर-मंतर के आसपास आंसू गैस छोड़ने वाले वाहनों के साथ दंगा-रोधी वाहनों को तैनात किया गया था। कई रास्तों पर पैदल जाने वालों को भी रोककर दूसरे रास्ते से भेजा गया। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की तरफ जाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। कई बार पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी।

पूरे दिन बंद रहे 12 मेट्रो स्टेशन
जंतर मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए डीएमआरसी ने शुक्रवार सुबह ही जनपथ, पटेल चौकस केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आइएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली सहित 11 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया था। दोपहर लगभग 12 बजे बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया।

अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाने की पाबंदी
इन स्टेशनों पर न तो कोई यात्री बाहर से अंदर जा सकता है और न ही किसी को स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति थी। राजीव चौक, मंडी हाउस, आइएनए, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन, दोपहर सवा दो बजे से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा बंद कर दी गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रास्ते बंद करने से वाहन चालक हुए परेशान
नई दिल्ली जिले में सुबह से की गई बैरिकेडिंग और कई मुख्य मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अशोक रोड, जनपथ रोड, संसद मार्ग सहित मुख्य मार्गों के दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया। ऐसे में पूरे दिन लुटियंस दिल्ली में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
