Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तीन साल खूब बवाल : कई मंत्रियों के गए पद, कई भ्रष्टाचार में लिप्त

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 12 Feb 2018 09:35 PM (IST)

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ रामलीला मैदान में हुए आंदोलन से जो आम आदमी पाट

    तीन साल खूब बवाल : कई मंत्रियों के गए पद, कई भ्रष्टाचार में लिप्त

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ रामलीला मैदान में हुए आंदोलन से जो आम आदमी पार्टी (आप) पैदा हुई थी, वह तीन साल के अंदर ही भ्रष्टाचार सहित विभिन्न आरोपों में घिर चुकी है। विधायकों से लेकर मंत्रियों तक पर गंभीर आरोप हैं। भ्रष्टाचार, चरित्र हनन से लेकर फर्जी डिग्री तक के आरोप लगे हैं। दिल्ली सरकार के इतिहास में शायद यह पहली सरकार होगी, जिसका कोई मंत्री जेल भी गया है। आइए डालते हैं एक नजर। किस पर क्या हैं आरोप।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    --------------------

    उपमुख्यमंत्री सिसोदिया व मंत्री सत्येंद्र जैन पर सीबीआइ जाच

    उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन पर सीबीआइ ने मुकदमे दर्ज किए हैं। विभिन्न मामलों की जांच चल रही है। सीबीआइ कई बार मंत्रियों के निवास और दिल्ली सचिवालय में दस्तक दे चुकी है। जैन के दस्तावेज सीबीआइ छापे में दिल्ली डेंटल काउंसिल के पूर्व रजिस्ट्रार डॉ. ऋषि राज के लॉकर से मिले।

    फर्जी डिग्री में फंसे जितेंद्र सिह तोमर

    मार्च 2015 में फर्जी डिग्री के मामले में दिल्ली सरकार के तत्कालीन कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर फंसे। केजरीवाल सरकार के यह ऐसे विधायक हैं, जो मंत्री रहते हुए गिरफ्तार किए गए। तोमर पर फर्जी डिग्री रखने का आरोप है। तोमर के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश रचने समेत आइपीसी की कई धाराओं के तहत केस दर्ज है।

    मंत्री पर लगा सेक्स स्कैंडल का आरोप

    अगस्त 2016 में सेक्स स्कैंडल का आरोप तत्कालीन महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार पर लगा। संदीप कुमार की सेक्स सीडी 31 अगस्त 2016 की शाम सामने आई तो आम आदमी पार्टी में भूचाल आ गया। अपना गला फंसा देख मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आनन-फानन में मंत्री को बर्खास्त कर दिया।

    ----------------

    मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप

    दिल्ली सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे आसिम अहमद पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा। उन पर एक बिल्डर से छह लाख रुपये मागने का आरोप था। दिल्ली के मटिया महल से विधायक आसिम अहमद को मंत्री पद से हटाया गया।

    परिवहन मंत्री के पद से गोपाल राय ने दिया इस्तीफा

    गोपाल राय ने दिल्ली में एप आधारित प्रीमियम बस सर्विस के घोटाले में घिरने के बाद जून 2016 में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे के पीछे स्वास्थ्य कारणों को वजह बताया।

    ---------------

    रौब दिखाने में भी कम नहीं रहे आप नेता

    दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन पर जुलाई 2016 में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बदसुलूकी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सत्येंद्र जैन के खिलाफ उपराज्यपाल को चिट्ठी लिखकर शिकायत की थी।

    ----------------

    आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान पर साले की पत्नी ने छेड़खानी का केस दर्ज कराया। एक अन्य मामले में भी उनके खिलाफ शिकायत की गई। खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके बाद भी पार्टी उन पर मेहरबान है।

    -पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को महिला से बदसुलूकी के आरोप में जून 2016 में प्रेस वार्ता के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन पर एक महिला ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था।

    -मॉडल टाउन से विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी को 2013 में दंगा भड़काने और आपराधिक धमकी देने के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

    -पुलिस ने इस साल अगस्त में दिल्ली कैंट से विधायक सुरेंद्र सिह कमांडो को कथित तौर पर दिल्ली नगर निगम के एक कर्मचारी के साथ मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया था।

    -कोंडली के विधायक मनोज कुमार पर कथित धोखाधड़ी और जमीन हड़पने का मामला दर्ज किया गया था। इस पर आप ने कहा था कि केंद्र की भाजपा सरकार दिल्ली पुलिस को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है, लेकिन 2014 की एक एफआइआर के आधार पर मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

    -विधायक सोमनाथ भारती की पत्नी लिपिका ने उन पर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। लिपिका अपने आरोपों को लेकर दिल्ली महिला आयोग के पास गई। लिपिका ने सोमनाथ भारती पर जान से मारने की कोशिश और अपने कुत्ते से हमला करने के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया था। इस मामले में सोमनाथ को गिरफ्तार किया गया।