इंटरनेट बंदी, लाठीचार्ज और आंसू गैस बचने के बता रहे तरीके; CJP के प्रदर्शनकारियों अपना रहे 'सर्वाइवल टिप्स'
जंतर-मंतर पर नीट धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच झड़पें जारी हैं, जहां पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा है।

प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा है। फाइल फोटो
HighLights
जंतर-मंतर पर नीट धांधली के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया।
छात्र इंटरनेट बंदी, पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपना रहे उपाय।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जंतर- मंतर पर नीट धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे काॅकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच लगातार तीखी झड़प जारी हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अड़े प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा है। इस बीच सोशल मीडिया पर जेन जी के लिए 'प्रोटेस्ट सर्वाइवल टिप्स' की बाढ़ आ गई है। इंटरनेट शटडाउन और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए छात्र तकनीक और घरेलू नुस्खों का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं और इस संबंध में एक-दूसरे को बता भी रहे हैं।
बार-बार ठप हो रहे मोबाइल नेटवर्क से निपटने के लिए प्रदर्शनकारी ऑफलाइन मैप्स और ब्लूटूथ-आधारित मैसेजिंग ऐप्स डाउनलोड कर रहे हैं, जो बिना वाईफाई या डेटा के काम करते हैं। इसके अलावा क्लाउड-फ्री लोकल-रन लार्ज लैंग्वेज माॅडल्स और संचार उपकरणों की मदद ली जा रही है ताकि नेटवर्क बंद होने पर भी संपर्क बना रहे। आपात स्थिति के लिए विरोध स्थल के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के संपर्क नंबर भी सहेजे जा रहे हैं।
सुरक्षा और सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बचाव के लिए कई अनूठे उपाय अपनाए जा रहे हैं। आंसू गैस की जलन से राहत पाने के लिए प्रदर्शनकारी पानी और एंटासिड का बराबर मिश्रण इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, आंखों और सांस की सुरक्षा के लिए पेंटर मास्क और सुरक्षा चश्मे पहने जा रहे हैं। पुलिस लाठीचार्ज के असर को कम करने के लिए प्रदर्शनकारी जींस के अंदर थर्मोकोल की शीट लगा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कपड़े फटने जैसी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त शर्ट व कुर्ते और सिर की सुरक्षा के लिए हेलमेट भी साथ रखने की सलाह दे रहे हैं।
सोमवार को हुए संसद मार्च के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प के बाद युवा प्रदर्शनकारी अब सोशल मीडिया और व्यावहारिक तरीकों से आ रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को पूरी तैयारी के साथ आने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
