लुटियंस दिल्ली में मियावाकी तकनीक से हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य, निर्मला सीतारमण ने किया परियोजना का शुभारंभ
एनडीएमसी ने लोधी कॉलोनी में मियावाकी तकनीक से 'भारत वन' परियोजना का शुभारंभ किया, जिसका उद्घाटन केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोधी कॉलोनी में वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।
HighLights
एनडीएमसी ने पहली बार मियावाकी तकनीक से पौधरोपण शुरू किया।
लुटियंस दिल्ली का हरित क्षेत्र 47% से 51% करने का लक्ष्य।
निर्मला सीतारमण ने लोधी कॉलोनी में 'भारत वन' का उद्घाटन किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एमसीडी द्वारा 22 स्थानों पर मियावाकी तकनीक से दो से तीन वर्षों में ही सघन वन विकसित करने के बाद नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) भी इस तकनीक का उपयोग करेगी। इसकी शुरुआत एनडीएमसी ने लोधी कालोनी स्थिति पार्क से की।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोधी कॉलोनी में मियावाकी तकनीक से बनाए जा रहे भारत वन में अशोक का पौधा लगाकर वृक्षारोपण की शुरूआत की। एनडीएमसी चेयरमैन के मनोज द्विवेदी के अनुसार तकनीक के उपयोग से लुटियंस दिल्ली के हरित क्षेत्र को 47 प्रतिशत से बढ़ाकर 51 प्रतिशत किया जाएगा।
लोधी कॉलोनी के पार्क में 776 पौधे लगाए जाएंगे
लोधी कॉलोनी के इस एक एकड़ के पार्क में 776 पौधे लगाए जाएंगे। इस मियावाकी तकनीक से पौधे बहुत तेजी से बढ़ते हैं। दो से तीन वर्षों में पेड़ों की लंबाई से 15-20 फिट तक हो जाती है। इससे हरित क्षेत्र को विकसित करन में मदद मिलती है। इस अवसर पर निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए मियावाकी वन विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति के माध्यम से स्थानीय पर्यावरण के अनुकूल फलदार एवं छायादार प्रजातियों का रोपण कर एक सघन एवं हरित शहरी वन विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यह हरित क्षेत्र स्थानीय निवासियों को सुबह और शाम की सैर के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ योग, ध्यान और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए शांत एवं सुखद वातावरण प्रदान करेगा।
दिल्ली के शहरी पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा
इससे क्षेत्र की सुंदरता और जीवन-गुणवत्ता में सुधार के साथ दिल्ली के शहरी पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा। इस अवसर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि ‘भारत वन’ में मियावाकी पद्धति से दस हजार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोधी कालोनी में सघन हरित क्षेत्र विकसित होगा, पौधों एवं पक्षियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा तथा शहरी जैव-विविधता को बढ़ावा मिलेगा।
