दिल्ली में हर दिन हो रही 497 चोरियां: मुंबई-बेंगलुरु बहुत पीछे, साल भर में दर्ज हुए 1.80 लाख से ज्यादा मामले
एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली 2024 में चोरी के मामलों में देश में सबसे आगे है, जहाँ कुल मामलों का लगभग तीन-चौथाई (73.3%) दर्ज हुआ।

दिल्ली 2024 में चोरी के मामलों में देश में सबसे आगे है। इमेज एआई
HighLights
दिल्ली में 2024 में चोरी के 73.3% मामले दर्ज।
प्रतिदिन औसतन 497 चोरी की वारदातें दिल्ली में।
एनसीआरबी रिपोर्ट ने दिल्ली की सुरक्षा पर उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा बुधवार को जारी ''क्राइम इन इंडिया'' की ताजा रिपोर्ट ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली देश में चोरी के मामलों में सबसे आगे निकल गई है, जहां हर दिन औसतन 497 मामले दर्ज हो रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक 2024 में देशभर में दर्ज चोरी के कुल मामलों में से लगभग तीन-चौथाई (73.3 प्रतिशत) मामले अकेले दिल्ली से हैं। अन्य महानगरों की तुलना में दिल्ली इस मामले में सबसे आगे है। साप्ताहिक आंकड़ा देखे तो दिल्ली में हर हफ्ते लगभग 3,480 चोरी के केस दर्ज हुए। सालाना आंकड़ा देखे तो दिल्ली में 2024 में कुल 1,80,973 चोरी की वारदातें हुईं।
चोरी के मामलों में दिल्ली के बाद अन्य शहरों की स्थिति काफी बेहतर नजर आती है।
- मुंबई :-10,854 मामले (4.4 प्रतिशत)
- बेंगलुरु:- 9,229 मामले (3.7 प्रतिशत)
- जयपुर:- 9,051 मामले (3.7 प्रतिशत)
कुल अपराधों में चोरी की बड़ी हिस्सेदारी
रिपोर्ट बताती है कि ''संपत्ति के विरुद्ध अपराधों'' की श्रेणी में चोरी सबसे प्रमुख अपराध रहा। 2024 में इस श्रेणी के तहत कुल 2,80,867 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 87.9 प्रतिशत मामले (2,46,882) सिर्फ चोरी के थे।
आइपीसी और बीएनएस के तहत दर्ज कुल 5,93,096 अपराधों में से चोरी अकेले 41.6 प्रतिशत का हिस्सा रखती है।
आंकड़े डराने वाले तो हैं, लेकिन 2023 की तुलना में 2024 में संपत्ति से जुड़े अपराधों में 14.4 प्रतिशत की गिरावट भी देखी गई है। 2023 में जहां 3,28,100 मामले दर्ज हुए वहीं 2024 में यह संख्या कम हुई है।
