यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के त्रिलोकपुरी में युवती को अगवा करने की कोशिश, विरोध करने पर की छेड़छाड़
Delhi News त्रिलोकपुरी में शनिवार को दिनदहाड़े अगवा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपित पिछले ...और पढ़ें

नई दिल्ली,जागरण संवाददाता। दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवती को अगवा करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपित ने युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। मौके पर भीड़ जुटने पर आरोपित पकड़े जाने के डर से फरार हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित पिछले आठ माह से उसे परेशान कर रहा है, लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। जिला पुलिस का कहना है कि मयूर विहार थाना पुलिस ने मारपीट, छेड़छाड़ समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की है। आरोपित की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पीड़िता अपने परिवार के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती है। परिवार में में मां व अन्य सदस्य हैं। पीड़िता की मां एक पोस्ट आफिस में नौकरी करती है, उसमें एक विनय नाम का युवक भी नौकरी करता है। पीड़िता की उससे दोस्ती हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बाते होने लगी।
आरोपित शादी के लिए कर रहा है परेशान
आरोप है कि विनय ने उसे शादी के लिए परेशान करना शुरू कर दिया, जिससे पीड़िता ने उससे दूरी बना ली। आरोपित ने उसका पीछा नहीं छोड़ा, शादी न करने पर युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देने लगा। शनिवार को पीड़िता किसी काम से जा रही थी, रास्ते में उसका रास्ता रोक लिया और अगवा करने लगा। वीरोध करने पर पिटाई कर दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित उसका कहीं भी रिश्ता नहीं होने दे रहा।