दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात, 1 बीड़ी नहीं देने पर युवक की बेरहमी से हत्या
Delhi Young Man Murder दिल्ली के दरियागंज इलाके में दो सगे भाइयों ने एक युवक को इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने बीड़ी देने से मना कर दिया था। सीसीटीवी के आधार पर आरोपितों की पहचान हुई और फिर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल वालों की दिल्ली में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के दरियागंज इलाके में चाकू घोंप कर एक युवक की हत्या इसलिए कर दी गई, क्योंकि उसने बीड़ी देने से इनकार कर दिया था। इस मामले में आरोपित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है।
चाकू मारकर की गई हत्या
बताया जा रहा है कि युवक की हत्या में आरोपित शिवम और मोहित वसंत विहार के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि आरोपितों ने युवक से बीड़ी मांगी थी, नहीं देने पर आरोपित चाकू घोंप कर मौके से फरार हो गए थे। बाद में घायल की मौत हो गई।
काफी देर तक घायल पड़ा रहा सड़क पर
इस मामले में अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को बस इतना पता चला है कि वह बेसहारा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार दोपहर दिल्ली गेट के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे लोकनायक अस्पताल लेकर गई, जहां पर उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी के आधार पर पकड़े गए आरोपित
पुलिस ने घटनास्थल पर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी घटना कैद मिली। इस आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान की। मंगलवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे सगे भाई हैं। दोनों कूड़ा बीनने के लिए वसंत विहार से दरियागंज आते हैं। घटना वाले दिन दोनों दरियागंज इलाके में कूड़ा बीन रहे थे। इस बीच वहां एक युवक आया, वह बीड़ी पी रहा था। दोनों ने उससे बीड़ी मांगी। मना करने पर उससे झगड़ा करने लगे।
युवक ने दोनों को थप्पड़ मारा और भागने लगा। आरोपितों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बाद में चाकू मारकर आरोपित फरार हो गए। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान का प्रयास कर रही है।
जुलाई में रोटी न देने पर हुई थी एक शख्स की हत्या
वहीं, इससे पहले जुलाई के अंतिम सप्ताह में दिल्ली के करोल बाग में एक रोटी न देने पर रिक्शा चालक की उसके साथी द्वारा हत्या करने का मामला सामने आया था। मृतक की पहचान मुन्ना (40) के रूप में हुई थी।