विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली-6 फूड फेस्टिवल में लीजिए इम्यूनिटी बूस्टर 'शाट' का मजा, मुगलई भी है बेहद खास

By Mangal YadavEdited By:
Published: Sat, 06 Mar 2021 02:01 PM (IST)

कोरोना के दौर में हर किसी को अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने की चिंता है। ऐसे में यहां अनार संतरा मौसमी अनानास ...और पढ़ें

इम्यूनिटी की जरूरत तो हर किसी को है तो चलिए शाट पीकर हो जाएं तरोताजा और फिट ’ जागरण
इम्यूनिटी की जरूरत तो हर किसी को है तो चलिए शाट पीकर हो जाएं तरोताजा और फिट ’ जागरण

नई दिल्ली [अरविंद कुमार द्विवेदी]। जरा सोचिए अगर पुरानी दिल्ली के लजीज जायकों के साथ वहां का इतिहास, उसकी बसावट-बनावट से भी रूबरू होने का मौका मिल जाए..मिर्जा गालिब के समय का मुगलई जायका, लुटियंस के समय के कुजीन। है न रोचक। ओखला के क्राउन प्लाजा होटल में चल रहे दिल्ली-6 फूड फेस्टिवल में इन दिनों कुछ इसी अंदाज में जायके परोसे जा रहे हैं। फेस्टिवल शनिवार यानी आज रात 11 बजे तक ही है। इसमें आप एक ही छत के नीचे पुरानी दिल्ली के लजीज व्यंजन व स्ट्रीट फूड का हर वो स्वाद ले सकेंगे, जिसे आप बीते एक साल से कोरोना की वजह से मिस कर रहे हैं। ढाई किलो का टिक्की सुना है।

अगर इस टिक्की का दीदार करना हो तो फेस्टिवल में पहुंच जाएं। 11वें दिल्ली-6 फूड फेस्टिवल में ढाई किलो की टिक्की बड़ी चुनौती है। अगर आपने इसे ढाई मिनट में खाकर दिखा दिया तो आप इस होटल में एक रात ठहरने व कंप्लीमेंट्री डिनर एवं ब्रेकफास्ट का मौका पा सकेंगे। वह भी बिल्कुल मुफ्त। चीफ शेफ देवराज शर्मा कहते हैं इस टिक्की में काजू, किशमिश, हरा मटर व बादाम की स्टफिंग की गई है। फिर उसे देसी घी में फ्राई कर बेक्ड ब्रेड के साथ डंबल की शक्ल में सजाया गया है। इसमें कुल चार टिक्कियां हैं।

इम्यूनिटी बूस्टर शाट

कोरोना महामारी के दौर में हर किसी को अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने की चिंता है। ऐसे में आप यहां अनार, संतरा, मौसमी, अनानास व सूखे मेवे के मिश्रण से तैयार खास इम्यूनिटी बूस्टर का आनंद भी ले सकते हैं। यहां आने वाले लोग सबसे पहले इस इम्यूनिटी बूस्टर शाट का ही सुस्वाद लेते हैं।

मुगलई भी है बेहद खास

पुरानी दिल्ली की बात हो और मुगलई जायके का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। खास शाही चिकन व शाही पनीर कोरमा की खुशबू आप पूरे फेस्टिवल में महसूस करेंगे। वेज व नानवेज, सबके लिए एक से बढ़कर एक विकल्प है। शाही चिकन के लिए काजू व प्याज को सुनहरा कर दही, बटर व क्रीम में पकाकर शाही ग्रेवी तैयार की जाती है। दिल्ली-6 की स्पेशल चिकन व मटन बिरयानी, रेलवे मटन करी, रायल चिकन दाल, डाक बंग्ला चिकन रोस्ट भी मुगलई जायके की लजीजियत बढ़ाने में पीछे नहीं हैं। ग्रेवी वाली सभी मुगलई डिशेज कापर की हांडी में बनाई जाती है।

चाट और पकौड़े भी हैं

अगर स्ट्रीट फूड को मिस कर रहे हैं तो भी यह फेस्टिवल आपके लिए उपयुक्त है। यहां पांच तरह के गोलगप्पे, कचौड़ी चाट, भरवा आलू टिक्की चाट, मटर कुल्चा, दही बड़ा, ब्रेड पकौड़ा, मटन बर्रा, चिकन पकौड़ा हलवा पराठा, कुल्हिया कुल्फी, कुल्फी फालूदा, फलदारी गुड़ वाली सेवइयां भी हैं।

इनका भी है आकर्षण

गालिब का शायरी दरबार देखना हो या लुटियंस द्वारा डिजाइन नई दिल्ली का वायसराय हाउस, दिल्ली-हावड़ा जंक्शन, चांदनी चौक और उस समय की रेलगाड़ी की सीटों की डिजाइन वाली डाइनिंग टेबल सब है यहां। और हां, नमक हराम की हवेली, स्पेशल दौलत की चाट व देसी पान, पराठे वाली गली सब कुछ एक ही छत के नीचे देखने का आनंद कहीं और नहीं मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।