IGI एयरपोर्ट से धरी गई महिला तस्कर, एक करोड़ से अधिक का सोना बरामद
महिला के पास से एक-एक किलो भार के सोने के दो बिस्कुट और 1250 ग्राम के सोने के चार टुकड़े बरामद हुए।
नई दिल्ली [जेएनएन]। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम ने सुनियोजित तरीके से विदेश से की जाने वाली सोने की तस्करी के मामले का पर्दाफाश किया है। कस्टम अधिकारियों ने एक करोड़ एक लाख 13 हजार मूल्य के सोने के साथ महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब सवा तीन किलो सोना बरामद किया गया है। सोने को एक अन्य तस्कर अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिये बैंकाक से लेकर कोलकाता आया था। इसके बाद आरोपी महिला सोना लेकर डोमेस्टिक फ्लाइट से दिल्ली आई थी। कस्टम अधिकारी महिला तस्कर से पूछताछ कर रहे हैं।
45 वर्षीय महिला गिरफ्तार
आइजीआइ एयरपोर्ट की ज्वाइंट कस्टम कमिश्नर अनुभा सिन्हा ने बताया कि संदिग्ध महिला 13 अप्रैल को इंडिगो के विमान (फ्लाइट संख्या 6ई-474) से कोलकाता से दिल्ली आई थी। वह एयरपोर्ट से बाहर निकलने की जुगत में थी। तभी कस्टम अधिकारियों ने शक के आधार पर उसके सामान की तलाशी ली। उसके पास से एक-एक किलो भार के सोने के दो बिस्कुट और 1250 ग्राम के सोने के चार टुकड़े बरामद हुए। कुल 3250 ग्राम सोने की बरामदगी के बाद 45 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि उक्त सोना एक अन्य यात्री बैंकाक से कोलकाता लेकर आया था। बैंकाक से सोना लाने वाले तस्कर ने विमान की सीट में सोना छुपा दिया था। कोलकाता में उसके उतरने के बाद महिला विमान में रखे सोने को लेकर दिल्ली आ गई थी।
यह भी पढ़ें: नोएडा: भू-माफिया की गोली मारकर हत्या, करोडों की जमीन पर कर रखा था कब्जा