वह पांच साल से महिला के साथ कर रहा था दुष्कर्म, जानें क्यों चुप रही पीड़िता
पालम विहार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम (जेएनएन)। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में महिला के साथ दरिंदगी की वारदात सामने आई है।। यहां पर एक शख्स ने अश्लील वीडियो बनाने के बाद उसके साथ पांच साल तक दुष्कर्म किया। अब जाकर महिला ने आरोपी शख्स के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है।
आरोप है कि ट्रक चालक राकेश ने पड़ोस में रहने वाली महिला को झांसा देकर अपने घर बुला जूस में नशीला पदार्थ मिला बेहोश कर दिया उस दौरान आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म कर वीडियो बना लिया था। वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर वह पांच साल से पीड़िता का यौन शोषण कर रहा था।
आरोप है कि पिछले 5 साल से राकेश महिला के साथ दुष्कर्म कर रहा था। कुछ दिन पहले उसने महिला से मारपीट भी की। महिला के अनुसार आरोपी बार-बार जान से मारने की धमकी देता है। इस डर से उसने पुलिस को शिकायत नहीं दी। अब आरोपी की मनमानी बढ़ती जा रही है और वह शोषण बर्दाश्त नहीं कर सकती।
इंतहा हो जाने पर शनिवार को पीड़िता पालम विहार थाने पहुंच गई और इस मामले में शिकायत दी। पालम विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम ने बताया कि शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है।
आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर है। मामले की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।