CAA Protest VIDEO: दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास इकठ्ठा हुईं महिलाएं, 'आजादी' के लगाए नारे
CAA Protest नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास महिलाओं ने कैंडल मार्च निकाल कर नारेबाजी की है।
नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध अभी शांत नहीं हुआ है। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास करीब 200 महिलाए इकट्ठा हुईं। अधिकतर महिलाओं ने हाथ में कैंडल ली हुई थी। साथ ही महिलाओं ने 'आजादी' के नारे लगाते हुए कहा कि वे तब तक प्रदर्शनस्थल से नहीं हटेंगी जब तक कि केंद्र सरकार सीएए को रद नहीं कर देती।
दिल्ली के जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठा हुईं महिलाएं, आज़ादी के लगाए नारे#CAA_NRC_Protests #CAAProtests pic.twitter.com/hSq3q08XTl
— Dhyanendra Singh (@dhyanendraj) February 22, 2020
शाहीन बाग में पिछले कई दिनों से हो रहा है प्रदर्शन
बता दें कि सीएए के खिलाफ मुख्य सीलमपुर रोड के पास पहले से ही विरोध प्रदर्शन चल रहा है। शाहीन बाग में पिछले कई दिनों से नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship ammendment Act) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर के विरोध में प्रदर्शन जारी है। इस दौरान इसको लेकर खूब राजनीति हुई। यहां तक की दिल्ली के विधानसभा चुनाव में यह एक गंभीर मुद्दा तक बन गया। सत्ताधारी पार्टी से लेकर विपक्षी पार्टी भाजपा ने इस शाहीन बाग प्रदर्शन पर खूब टिप्पणी की। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट में गया। कोर्ट ने तीन वार्ताकार को प्रदर्शनकारियों से बात करने के लिए नियुक्त किया गया है।
शाहीन बाग में एक तरफ का रास्ता खोला गया
वहीं, शनिवार शाम नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के विरोध में पिछले दो महीने से ज्यादा समय से शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के कारण बंद सड़क को प्रदर्शनकारियों ने खोल दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने एक तरफ की सड़क को खोल दिया है। इससे दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले लाखों चालकों को काफी राहत मिलेगी। मिली जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने जिस रास्ते को खोला है, वह बेहद पतला है। इस कारण इस रास्ते से सिर्फ बाइक और कार ही नोएडा और फरीदाबाद के लिए जा पाएंगे।