पढ़िए- 'वो' के साथ मिलकर की गई पति के कत्ल की सनसनीखेज कहानी
अबरार बाथरूम चला गया। उसी दौरान फिरासत ने जहर की पुड़िया उसकी पत्नी को दी और कहा कि जहर को पीसकर अबरार के गिलास में मिला दो। प्रेमी के कहने पर पत्नी ने जहर पीसकर गिलास में डाल दिया।
गाजियाबाद, जेएनएन। हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में प्रेमी के साथ मिलकर पति को जहर देने वाली पत्नी और प्रेमी को अदालत ने दोषी करार दिया है। दोनों की सजा पर बहस शुक्रवार को होगी। जिला सहायक शासकीय अधिवक्ता अनिल शर्मा ने बताया कि दोषी दोनों अभियुक्तों की सजा पर आज (शुक्रवार) अदालत में बहस होगी।
अनिल शर्मा ने बताया कि अभियुक्त फिरासत के मृतक अबरार की पत्नी से अवैध संबंध थे। दोनों एक ही गांव में पड़ोसी है। अबरार दिल्ली में काम करता था। महीने में एक बार छुट्टी पर गांव में परिवार के पास आता था। घटना की रात 10 मई 2014 को फिरासत बहाने से अबरार के घर आया और दोनों ने शराब पी।
इसी बीच अबरार बाथरूम चला गया। उसी दौरान फिरासत ने जहर की पुड़िया उसकी पत्नी को दी और कहा कि जहर को पीसकर अबरार के गिलास में मिला दो। प्रेमी के कहने पर पत्नी ने जहर पीसकर गिलास में डाल दिया।
जहर मिली शराब पिलाने के बाद फिरासत चला गया। अबरार और उसके बच्चे भी सो गए। सुबह अबरार कमरे में मृत मिला था। अधिवक्ता ने बताया कि अबरार को इस घिनौने कृत्य का आभास था। इस बात को लेकर परिवार में क्लेश भी रहती थी। अदालत में मृतक के बेटे जैद ने घटना की रात की कहानी बताई। अबरार के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि हुई थी।