यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 06, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केजरीवाल को CBI ने क्यों किया गिरफ्तार? दिल्ली सीएम की पत्नी सुनीता ने बता दी पूरी कहानी
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने ईडी और ...और पढ़ें

HighLights
- केजरीवाल को एनडीए के एक सांसद के बयान पर गिरफ्तार किया गया: सुनीता
- 17 सिंतबर 2022 को एमएसआर के ठिकानों पर ईडी की रेड हुई: सुनीता
- 17 जुलाई 2023 को एमएसआर ने ईडी में अपना बयान बदल दिया: सुनीता
- एमएसआर के बयान के बाद राघव को मिली बेल और केजरीवाल हुए गिरफ्तार: सुनीता
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी कर उनकी गिरफ्तारी के कारण बताए हैं। उन्होंने कहा, "क्या आपको पता है कि केजरीवाल जी को क्यों गिरफ्तार किया गया है? केजरीवाल जी को एनडीए के एक सांसद के बयान पर गिरफ्तार किया गया है। उनका नाम है मगुंटा श्रीनिवासु रेड्डी यानि एमएसआर। एमएसआर आंध्र प्रदेश से एनडीए के सांसद हैं।"
उन्होंने कहा, "आखिर एमएसआर ने ऐसा क्या बयान दिया कि आपके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ्तार कर लिया गया। 17 सिंतबर 2022 को एमएसआर के ठिकानों पर ईडी की रेड हुई। उनसे पूछा गया कि क्या वो कभी केजरीवाल जी से मिले हैं? उन्होंने कहा कि हां मैं 16 मार्च 2021 को केजरीवाल जी से दिल्ली सचिवालय में उनके दफ्तर में मिला था। मैं दिल्ली में फैमिली चेरिटेबल ट्रस्ट खोलना चाहता था, इसके लिए सीएम से जमाीन के लिए बात करने गया था। केजरीवाल जी ने कहा कि जमीन एलजी के पास है। आप आवेदन दे दो। मैं देखता हूं।"
राघव की पत्नी ने आत्महत्या करने की कोशिश की: सुनीता
उन्होंने कहा, "ईडी को एमएसआर का जवाब पसंद ही नहीं आया। ईडी ने कुछ दिन बाद एमएसआर के बेटे राघव मगुंटा को गिरफ्तार कर लिया। फिर से एमएसआर के और बयान लिए गए। मगर वो अपना पहला वाला बयान ही दोहराते हुए। जो कि सच था। इस कारण उनके बेटे की जमानत खारिज होती गई। इस दौरान की राघव की पत्नी ने आत्महत्या करने की कोशिश की और उनकी बूढ़ी मां बहुत बीमार हो गई। इन सबको देखते हुए बाप भी टूट गया।"
एमएसआर ने ईडी में अपना बयान बदल दिया: सुनीता
उन्होंने कहा, " 17 जुलाई 2023 को पिता एमएसआर ने ईडी में अपना बयान बदल दिया। उन्होंने अब कहा कि 16 मार्च 2021 को मैं केजरीवाल जी से मिलने गया। मुश्किल से 4-5 मिनट मुलाकात हुई। मेरे कमेरे में घुसते ही केजरीवाल जी ने मुझसे कहा कि दिल्ली में आप शराब का काम शुरू करो। बदले में आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपये दे दीजिए। केजरीवाल जी से मेरी यह पहली और आखिरी मुलाकात की थी। इस बयान के बाद राघव को ईडी ने बेल दिलवा दी।"
एमएसआर के बेटे और परिवार को किया गया प्रताड़ित: सुनीता
उन्होंने कहा, "जाहिर है कि एमएसआर का यह बयान झूठा है। वे खुद कह रहे हैं कि ये उनकी केजरीवाल जी से पहली और आखिरी मुलाकात थी। 10-13 लोग वहां बैठे थे। अगर किसी को किसी से पैसे मांगने भी थे तो क्या कोई किसी अजनबी से 10-12 लोगों के सामने ऐसे पैसे मांग लेगा। जाहिर है कि एमएसआर के बेटे और परिवार पांच महीने बुरी तरह प्रताड़ित किया गया। इसलिए एमएसआर ने अपने बेटे को बचाने के लिए झूठा बयान दिया। इस बयान को देने के बाद दो दिन बाद ही राघव को बेल मिल जाती है।"
ईडी ने बेल का लॉलीपॉप देकर बयान लिया: केजरीवाल
सुनीता ने कहा, "इन सब बयानों से एक बात तो साफ है कि अपने बटे को जेल से निकलवाने के लिए एमएसआर ने झूठा बयान दिया। कोर्ट ने भी केजरीवाल जी को बेल देते हुए यही माना कि ईडी ने बेल का लॉलीपॉप देकर बयान लिया। आपके बेटे केजरीवाल को एक गहरे राजनीतिक षडयंत्र का शिकार बनाया गया है। वे एक पढ़े-लिखे, देशभक्त औऱ कट्टर ईमानदार व्यक्ति हैं। अगर आज आप उनके साथ खड़े नहीं हुए तो फिर इस देश में पढ़े-लिखे और ईमानदार लोग राजनीति में नहीं आएंगे। क्या नरेंद्र मोदी जी केजरीवाल जी के साथ सही कर रहे हैं?
आप को खत्म करना चाहते हैं मोदी: सुनीता
सुनीता ने इसके साथ ही पीएम मोदी पर उनकी पार्टी को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ईडी-सीबीआई के जरिए झूठे मामले में उनके नेताओं को फंसाकर पार्टी को खत्म करने में लग गए हैं। लेकिन हमें कोर्ट पर पूरा भरोसा है कि वह बेदाग होकर जरूर बाहर आएंगे।
