Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi New CM: कौन हैं आतिशी? जो अरविंद केजरीवाल की जगह बनेंगी दिल्ली की सीएम

    Updated: Tue, 17 Sep 2024 12:27 PM (IST)

    अरविंद केजरीवाल की करीबी सहयोगी आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। वह मौजूदा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद दिल्ली की नई मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगी। मंगलवार को पार्टी विधायकों की बैठक में अरविंद केजरीवाल द्वारा उनके उत्तराधिकारी के रूप में आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखने पर सभी विधायकों ने इस पर सहमति जताई। यह बैठक केजरीवाल के आवास पर हुई।

    Hero Image
    आतिशी संभालेंगी दिल्ली की जिम्मेदारी। (फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली को आज नया मुख्यमंत्री मिल गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के सभी विधायकों ने आतिशी मर्लेना को विधायक दल की नेता चुना है। अब आतिशी अरविंद केजरीवाल की जगह लेंगी। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगी। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आतिशी सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभालने वाली तीसरी महिला होंगी। वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद वर्तमान समय में भारत की दूसरी महिला सीएम भी बन जाएंगी।

    ये भी पढ़ें-

    Delhi New CM Live: दिल्ली को मिल गया नया CM, आतिशी के नाम पर लगी मुहर

    कौन हैं आतिशी?

    दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक आतिशी आम आदमी पार्टी की नेता हैं और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की सदस्य हैं। वर्तमान में आतिशी केजरीवाल सरकार में शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, संस्कृति और पर्यटन मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इससे पहले उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार के रूप में भी काम किया है।

    2019 के लोकसभा चुनावों में, आतिशी आम आदमी पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों में शामिल थीं। साथ ही उन्हें संगठन को तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने राजधानी में सरकारी स्कूलों में शिक्षा की स्थिति को सुधारने में अहम भूमिका निभाई।

    ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से ली शिक्षा

    दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर विजय कुमार सिंह और त्रिप्ता वाही के घर जन्मी आतिशी ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल (Springdale School) से की। इसके बाद उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की, जहां वह दिल्ली विश्वविद्यालय में पहले स्थान पर रहीं।

    इसके बाद Chevening scholarship पर मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय चली गईं। कुछ साल बाद उन्होंने एजुकेशन रिसर्च में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।

    मध्य प्रदेश के गांव में बिता 7 साल

    शिक्षा हासिल करने बाद समाज में बदलाव लाने का जुनून आतिशी को राजनीति में ले आया। उन्होंने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में सात साल बिताए हैं, जहां वह जैविक खेती और प्रोग्रेसिव एजुकेशन सिस्टम से जुड़ी रहीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ काम किया, जहां आम आदमी पार्टी के सदस्यों से उनकी मुलाकात हुई।

    आतिशी आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय ही वर्ष 2013 में आप में शामिल हो गईं। उन्होंने पार्टी के गठन के शुरुआती चरणों में आप की नीतियों को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पार्टी के प्रवक्ता के रूप में भी काम किया। टीवी चैनलों पर उनके बात रखने के तरीके और शांत स्वभाव ने लोगों का ध्यान खींचा। आतिशी ने शुरुआत से ही शिक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। 

    यह जानकारी आम आदमी पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट (aamaadmiparty.org) से ली गई है।