Weather News : रविवार सुबह खिली धूप से मौसम हुआ सुहावना, जानें कब बदलेगा मिजाज
दिल्ली -एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली -एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इस कारण सोमवार से बृहस्पतिवार तक बादल छाए रह सकते हैं और बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने आंधी चलने की भी आशंका जताई है।
इसके बाद मंगलवार एवं बुधवार को बादल छाए रहेंगे। बृहस्पतिवार को भी बारिश होने की उम्मीद है। रविवार के दिन सुबह आसमान साफ रहेगा। दोपहर बाद तक आसमान में बादल छाने शुरू हो जाएंगे। अधिकतम तापमान 27 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 83 फीसद और न्यूनतम स्तर 42 फीसद दर्ज हुआ।
कम रहेगा प्रदूषण का स्तर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशन में एयर क्वालिटी इंडेक्स 187 दर्ज हुआ। यह सामान्य रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर कम ही रहने के आसार हैं। सफर में भी शनिवार को दिल्ली का औसत पीएम 2.5 जैसे प्रदूषित कणों का स्तर 76 माइक्रोग्राम क्यूबिक मीटर (एमजीसीएम) दर्ज हुआ। रविवार को पीएम 2.5 का स्तर इससे भी कम होकर 65 एमजीसीएम तक दर्ज होने की उम्मीद है।