Move to Jagran APP

कोहरे का कहर जारी, देरी से चल रही दर्जन भर ट्रेनें, यात्री परेशान

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों में भी 3 जनवरी तक इसी तरह से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है। कोहरे कहर से दर्जन भर ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

By Edited By: Published: Fri, 28 Dec 2018 09:22 PM (IST)Updated: Sun, 30 Dec 2018 09:33 AM (IST)
कोहरे का कहर जारी, देरी से चल रही दर्जन भर ट्रेनें, यात्री परेशान
कोहरे का कहर जारी, देरी से चल रही दर्जन भर ट्रेनें, यात्री परेशान

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कंपकंपाती ठंड का दौर जारी है। रोजाना ठंड नए रिकॉर्ड बना और पुराने रिकॉर्ड तोड़ रही है। नोएडा में रविवार की रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि सुबह 9 बजे न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। शहर में सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे के साथ हुई लेकिन 8 बजे के बाद कोहरा पूरी तरह से साफ होता दिखाई दे रहा है। कोहरे कहर से दर्जन भर ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

loksabha election banner

बता दें कि 28 दिसंबर 2014 को भी तापमान 2.6 डिग्री तक पहुंच गया था। पंजाब में नए साल में बारिश का अनुमान है। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और हरियाणा में शीतलहर चल रही है। तीन जनवरी तक कंपकंपाती ठंड से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है।

लौट रहा है घना कोहराः रेल, सड़क व हवाई यातायात होगा प्रभावित

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में शीत लहर और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। अगले आनेवाले 48 घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड के साथ-साथ घना कोहरा तंग कर सकता है।  शीत लहर को लेकर एनसीआर के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ में पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई थी। घने कोहरे के दिनों में विजिबिलटी 200 मीटर से कम हो जाती है। 

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में गिर रही बर्फ के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा हुआ है। राजस्थान और पंजाब में भी कई शहरों में पारा माइनस में है। सीकर जिले के फतेहपुर में कई जगह बर्फ जम गई, तो श्रीनगर के सीआरपीएफ कैंप में नल से बह रहा पानी भी जम गया। ठंड का आलम यह है कि लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 17.5 रहा। 

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी तक इसी तरह से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है। वहीं 29 व 30 दिसंबर और 2 व 3 जनवरी को घना कोहरा छाने की आशंका है। 29 दिसंबर के दिन कुछ जगहों पर शीत लहर भी चलने की संभावना है। वहीं 3 जनवरी तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

क्यों चलने लगी ठंडी हवा

स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उतर की दिशा से ठंडी हवा दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में दस्तक दे रही हैं। जिस वजह से शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई। इसी तरह से मौसम की गतिविधियां नए साल के शुरुआती दिनों तक जारी रहेंगी।  

28 दिसंबर का दिन पिछले पांच सालों में सबसे ठंडा रहा 

दिल्ली में शुक्रवार का दिन बेहद ठंडा रहा। दिन भर 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चली। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को इस सीजन का दिसंबर महीने का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जिसने बीते पांच साल का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले अधिकतम तापमान साल 2013 में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम के साथ 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे एक दिन पहले की तुलना में तापमान में काफी गिरावट दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार के दिन 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 फीसद एवं न्यूनतम स्तर 55 फीसद दर्ज हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.