दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी व उमस का दौर रहेगा जारी, फिलहाल राहत के आसार नहीं
14 जून तक तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहने के आसार हैं। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस वजह से दिल्ली में गर्म हवाएं चल सकती हैं।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पूरे उत्तर भारत के साथ दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। हालांकि, शनिवार आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन सोमवार से फिर उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
सोमवार को दिल्ली का तापमान फिर 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मंगलवार को तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान सोमवार को 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।1मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली।
14 जून तक तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहने के आसार हैं। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस वजह से दिल्ली में गर्म हवाएं चल सकती हैं। इसी के साथ उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान करेगी।
सोमवार को दिल्ली में लगभग सभी जगहों पर तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। पालम में तापमान 41 डिग्री, लोधी रोड का 40.3, रिज का 41.2, आया नगर का 40.7, जाफरपुर में 40.1, मंगेशपुर में 39.5 और नजफगढ़ में 40 डिग्री तक पहुंच गया। 14 जून के बाद तापमान 39 डिग्री तक रहने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के अनुसार इस सप्ताह दिल्ली में बारिश और आंधी न होने की वजह से दिल्लीवासियों को गर्मी और उमस से परेशानी होगी। 16 या 17 जून के बाद ही दिल्ली के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।