Weather Report: जानिये- दिल्ली में कब होगी बारिश, कब गिरेगा 4 डिग्री तक तापमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत प्रभावित होगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली की सर्दी अब रंगत बिखेरने को है। ठिठुरन भरी ठंड का आगाज भी होने को है। तीन चार दिन बाद मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं। चार डिग्री तक तापमान कम हो सकता है। वहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 45 से 95 फीसद दर्ज किया गया। रविवार तक इसी तरह का तापमान बना रहेगा। लेकिन सोमवार रात से बादल छाएंगे, गर्जना होगी। मंगलवार यानी 11 दिसंबर को हल्की बूंदाबांदी होगी।
परिणामस्वरूप मंगलवार को अधिकतम तापमान महज 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। न्यूनतम तापमान रविवार 7 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू कश्मीर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से यह बदलाव होंगे। इसी वजह से सोमवार को पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना भी है।
धुंध के कारण अमृतसर से फ्लाइट दिल्ली लौटी
श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार रात धुंध के चलते दिल्ली से आई एयर इंडिया की फ्लाइट को दिल्ली लौटना पड़ा। इसका कारण विमान के पायलट को कैट 3 बी ऑपरेशन की ट्रेनिंग नहीं होना बताया गया है। दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 453 ने शाम 6.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करना था, लेकिन धुंध से एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य थी।
यह भी पढ़ेंः बार-बार क्यों थम रहे हैं दिल्ली मेट्रो के पहिए? विदेशी कंपनी जल्द करेगी अहम खुलासा