विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: दिल्ली में एक दिन भी नहीं चली लू, पूरा अप्रैल रहा ठंडा; 2017 के बाद से सबसे ज्यादा हुई बारिश

By sanjeev GuptaEdited By: Geetarjun
Published: Sun, 30 Apr 2023 11:03 PM (IST)Updated: Mon, 01 May 2023 07:52 AM (IST)

Delhi Weather Forecastअप्रैल महीने में इस बार एक बार भी लू नहीं चली। अप्रैल का मिजाज इस बार ठंडा ही ...और पढ़ें

दिल्ली में एक दिन भी नहीं चली लू, पूरा अप्रैल रहा ठंडा; 2017 बाद से सबसे ज्यादा हुई बारिश
दिल्ली में एक दिन भी नहीं चली लू, पूरा अप्रैल रहा ठंडा; 2017 बाद से सबसे ज्यादा हुई बारिश

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। अप्रैल महीने में इस बार एक बार भी लू नहीं चली। अप्रैल का मिजाज इस बार ठंडा ही दर्ज किया गया। गर्मी लगभग पूरी माह नहीं पड़ी। लगभग यही स्थिति उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में रही है। मौसम विभाग की मानें तो मई के पहले सप्ताह में भी अधिक गर्मी का एहसास नहीं होगा। दिल्ली में पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा बारिश भी दर्ज की गई।

पिछले साल दिल्ली में अप्रैल की गर्मी ने दशकों का रिकॉर्ड तोड़ा था। माह का अधिकतम तापमान जहां औसत से 3.9 डिग्री, वहीं न्यूनतम 0.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया था। नौ दिन लू चली थी। इसी तरह बरसात भी सामान्य से 98 प्रतिशत कम हुई थी।

इसके विपरीत इस साल अप्रैल में एक भी दिन लू नहीं चली। माह का अधिकतम तापमान औसत 36.5 डिग्री की तुलना में 35.3 डिग्री यानी 1.2 डिग्री कम दर्ज किया गया है। 2020 में भी कमोबेश इतना ही रहा था। हालांकि 2015 (34.5 डिग्री) के बाद यह सबसे कम है। ज्यादातर दिन लोगों को तेज धूप का सामना भी नहीं ही करना पड़ा।

रिकॉर्ड बारिश हुई

माह की औसत बारिश 16.3 मिमी की तुलना में इस बार 20.1 मिमी रिकार्ड की गई है। यह 2017 के बाद सर्वाधिक है, जब 26.9 मिमी बारिश हुई थी।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पांच पश्चिमी विक्षोभों ने दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान को नियंत्रित रखा। आमतौर पर दिल्ली में इस माह तीन से चार पश्चिमी विक्षोभ रिकार्ड किए जाते हैं जो अप्रैल में उत्तर-पश्चिम भारत में प्री-मानसून सीज़न (मार्च से मई) में बारिश के प्राथमिक स्रोतों में से एक हैं। श्रीवास्तव ने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सोमवार से उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में मौसम को प्रभावित करना शुरू कर देगा। इससे भी अभी कम से कम इस सप्ताह और अधिक गर्मी का एहसास नहीं होगा।

अगले तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को अगले तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि के बारे में अलर्ट जारी किया है। एक ट्वीट में कहा, "उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, दक्षिण भारत, पूर्व-भारत और उत्तर-पूर्व भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बरसात की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य, पूर्वी भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में ओलावृष्टि की बहुत संभावना है।" मौसम विभाग ने शिमला और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार व मंगलवार के बाद बारिश की गतिविधियों में वृद्धि के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया।

रविवार को दिल्ली में सामान्य से 10 डिग्री नीचे रहा पारा

रविवार को दिल्ली में दिन भर मौसम सुहावना बना रहा। सूरज और बादलों के बीच धूप लगभग नहीं के बराबर खिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 28.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 56 से 71 प्रतिशत रहा। जहां तक बारिश का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक सफदरजंग पर 0.3 मिमी, मयूर विहार में 10.0 मिमी जबकि पालम और आयानगर में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की बरसात होने की संभावना है। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवा भी चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 28 एवं 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।