Delhi Weather Update: दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, आज छाए रहेंगे बादल और बारिश की भी संभावना
Weather Forecast दिल्ली में मौसम फिर से करवट लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे और शाम या रात में हल्की वर्षा भी हो सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रह सकता है। मंगलवार को चटक धूप खिली थी जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi Weather Update: मौसमी उतार चढ़ाव के बीच बुधवार को दिल्ली में मौसम फिर से करवट लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के वक्त हल्की वर्षा भी हो सकती है।
इससे पूर्व सुबह के समय ज्यादातर जगह घना और कहीं कहीं बहुत घना कोहरा भी हो सकता है। दिन में सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और नौ डिग्री रह सकता है।
वहीं मंगलवार को दिन में चटक धूप खिली। इससे लोगों को ठिठुरन भरी ठंड से भी राहत मिली। धूप के ही कारण अधिकतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिला। यह 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा था।
हवा में नमी का स्तर 100 से 59 प्रतिशत
वहीं न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 100 से 59 प्रतिशत रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री पालम का रहा जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रिज क्षेत्र का दर्ज हुआ।
मंगलवार को घने कोहरे के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही। आइजीआइ एयरपोर्ट पर अल सुबह साढ़े चार बजे दृश्यता का स्तर शून्य दर्ज हुआ, जोकि कई घंटे तक बना रहा। वहीं सफदरजंग पर दृश्यता का स्तर सुबह साढ़े पांच बजे 100 मीटर रहा।
दिल्ली के 18 इलाकों का एक्यूआई रहा ''बहुत खराब''
मंगलवार को दिल्ली का समग्र एक्यूआई 275 रिकॉर्ड किया गया। इस स्तर की हवा को ''खराब'' श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले सोमवार को यह 248 रहा था।
यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 27 अंकों की वृद्धि देखने को मिली। चिंता की बात यह कि शाम चार बजे दिल्ली के 18 इलाकों का एक्यूआई ''बहुत खराब'' श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को एनसीआर के शहरों का एक्यूआई
शहर | एक्यूआई |
दिल्ली | 275 |
गुरुग्राम | 156 |
गाजियाबाद | 194 |
ग्रेटर नोएडा | 252 |
फरीदाबाद | 118 |
नोएडा | 191 |
वहीं पर गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा और कड़ी धूप निकली। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को कहीं कहीं हल्की बदली के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल ठंड से लोगों को राहत मिली है। बीते एक सप्ताह से पड़ रही ठंड से दो दिनों की धूप ने राहत दे दी है।
मंगलवार को भगवान भास्कर पूरी तरह खिले नजर आए जिसके बाद तापमान में सुधार हुआ। शाम को तापमान में पहले की तरह गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को हल्की ठंडी हवाएं चलती रहीं।
विभाग का कहना है कि बुधवार को कहीं कहीं मौसम बदलने के बाद हल्के बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने के आसार हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं सूर्यादेय सात बजकर 14 मिनट व सूर्यास्त पांच बजकर 46 मिनट पर होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।