यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में छह दिनों तक होगी झमाझम बारिश, पढ़ें IMD का नया अपडेट
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 35.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक ...और पढ़ें

HighLights
- पूर्वानुमान था हल्की वर्षा का, लेकिन कई जगह देखी गई मध्यम स्तर की बरसात
- अगले छह दिनों तक बादल की आवाजाही रहेगी, हल्की से मध्यम स्तर की होगी बारिश
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच इन दिनों राजधानी में कभी मौसम सुहाना हो जाता है तो कभी उमस से हाल बेहाल होने लगता है। सोमवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं।
सुबह कहीं हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बरसात हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया, लेकिन दोपहर तक उमस बढ़ने से लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ा। हैरत की बात यह कि मौसम विभाग ने हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जारी कर ग्रीन अलर्ट जारी किया था, जबकि अनेक इलाकों में यलो अलर्ट की मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
शाम साढ़े पांच बजे तक 2.7 मिमी वर्षा दर्ज
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 35.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 88 से 59 प्रतिशत दर्ज किया गया। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक 2.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दोपहर में तेज धूप निकलने से शाम होते-होते उमस काफी ज्यादा हो गई।
हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा का दौर भी जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिन अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान बादलों की आवाजाही भी लगी रहेगी और हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा का दौर भी जारी रह सकता है।
वहीं, मौसम की मेहरबानी से दिल्ली का एक्यूआई साफ ही चल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 109 रहा। इस स्तर की हवा को 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है।
सोमवार को दिल्ली के अलग अलग इलाकों में हुई वर्षा (मिमी में)
| स्थान | वर्षा |
| पालम | 31.8 |
| रिज क्षेत्र | 37.2 |
| आयानगर | 1.2 |
| लोधी रोड | 2.0 |
| दिल्ली विवि | 37.5 |
| पूसा | 35.0 |
| पीतमपुरा | 13.5 |
