आठ वर्षों की सबसे गर्म सुबह में खुली दिल्ली वालों की नींद
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 जून तक दिल्ली को धूल भरी इस गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली वालों को बुधवार को पिछले आठ वर्षों की सबसे गर्म सुबह से सामना हुआ। न्यूनतम तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर महज 7 डिग्री रह गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 जून तक दिल्ली को धूल भरी इस गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आठ सालों के दौरान 13 जून को न्यूनतम तापमान 34 डिग्री नहीं पहुंचा था। इस दिन पिछले आठ वर्षों में तापमान 23 से 30 डिग्री के बीच ही रहा था। लिहाजा, गर्मी भरी सुबह में ही लोगों की नींद खुली। सुबह की सैर करने वालों को भी इससे परेशानी हुई और वह जल्दी ही वापस आ गए।
बुधवार को लोधी रोड मे न्यूनतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 41.2 रहा। पालम में यह 42.2 दर्ज हुआ। अगले 24 घटों में तापमान 41 और 33 डिग्री रह सकता है।
बुधवार को हवा में नमी का स्तर भी 33 से 52 फीसद तक बना रहा। बारिश आने तक सताती रहेगी गर्मी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 जून तक तापमान 40 डिग्री से अधिक बना रहेगा। 16 या 17 जून को बारिश के बाद तापमान में कमी आएगी। इसके बाद अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। यानी बारिश आने तक धूल भरी इस गर्मी का सामना लोगों को करना ही होगा।