केजरीवाल के धरने का समर्थन करने वाले चारों सीएम को केंद्रीय मंत्री ने लिखा पत्र, जानें- क्या कहा
गोयल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को दिल्ली व अधिकारियों की चिंता होती तो वह मुख्य सचिव के साथ किए गए गलत व्यवहार के लिए माफी मांगकर विवाद खत्म कर सकते थे।
नई दिल्ली [जेएनएन]। उपराज्यपाल (एलजी) के दफ्तर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के धरने को चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा समर्थन दिए जाने का केंद्रीय राज्यमंत्री विजय गोयल ने विरोध किया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमार स्वामी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जताई है। उनसे मुख्यमंत्री आवास में दिल्ली के मुख्य सचिव के साथ हुई मारपीट को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
हाई कोर्ट ने भी जताई नाराजगी
उन्होंने कहा कि चारों मुख्यमंत्री केजरीवाल की अराजक कार्यशैली से भली-भांति परिचित हैं। इसके बावजूद उन्होंने नीति आयोग की बैठक की आड़ में अनावश्यक रूप से प्रधानमंत्री को इस प्रकरण में घसीटने की कोशिश की है। संविधान का बार-बार उल्लंघन करने वाले को समर्थन देकर उन्होंने यह साबित किया कि उनका भी संविधान में कोई विश्वास नहीं है। उन्हें यह मालूम होना चाहिए कि राजनिवास में मुख्यमंत्री के धरने पर दिल्ली हाई कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है।
माफी मांगकर विवाद खत्म कर सकते थे केजरीवाल
गोयल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को दिल्ली व अधिकारियों की चिंता होती तो वह मुख्य सचिव के साथ किए गए गलत व्यवहार के लिए माफी मांगकर विवाद खत्म कर सकते थे। उनकी अराजक राजनीति की वजह से दिल्ली पानी, बिजली, प्रदूषण, स्वास्थ्य, शिक्षा की समस्या से जूझ रही है।
एसी कमरों के धरने ने बढ़ाई दिल्लीवालों की परेशानी: माकन
इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि एक सप्ताह से चल रही राजनीति ने दिल्लीवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। लोग पहले प्रदूषण से जूझे और अब बिजली-पानी संकट से जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने सोमवार को इसके विरोध में एक निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव के द्वारा हम उन चार मुख्यमंत्रियों का ध्यान इस बात पर दिलाना चाहते हैं कि केजरीवाल एक अवसरवादी नेता हैं।
यह भी पढ़ें: सियासी धरने के बीच फंसी दिल्ली, क्या संजीवनी साबित होगा केजरीवाल का ये कदम