मध्य प्रदेश से दिल्ली आकर बातों-बातों में रुपये उड़ा लेने वाली दो महिला शातिर गिरफ्तार
आरोपितों के निशाने पर ऐसी महिलाएं होती थीं जो बैंक से निकलकर अपने घर की ओर जा रही होतीं थीं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने महिलाओं के एक ऐसे गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो मध्यप्रदेश से दिल्ली आकर चोरी की वारदात को अंजाम देते और फिर फरार हो जाते थे। आरोपित महिलाएं नर्गिस व अंजलि मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं। आरोपितों के निशाने पर ऐसी महिलाएं होती थीं जो बैंक से निकलकर अपने घर की ओर जा रही होतीं थीं। गिरोह की एक महिला उस शिकार महिला को बातों में उलझाए रखती थी, इस दौरान गिरोह की कोई दूसरी महिला उनके कीमती सामान को उड़ा लेती।
गूगल मैपिंग की मदद से गिरफ्तार
पुलिस ने गूगल मैपिंग, फेस रिकॉगनिशन, सीसीटीवी फुटेज, जीपीएस व अन्य तकनीकों की मदद से आरोपितों को दबोचा। पश्चिमी जिला उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि टैगोर गार्डन निवासी एक युवती ने पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि उन्होंने एक बैंक की शाखा से करीब पांच लाख रुपये निकाले।
दुकान पर रोका और बातों में उलझा लिया
बैंक से निकलने के बाद जब वे घर जा रही थीं, तो उन्होंने देखा कि दो महिलाएं उनके पीछे आ रही हैं। जब युवती एक स्टेशनरी की दुकान पर पहुंची तो उन्हें उन दो महिलाओं ने बातों में उलझा लिया।
बैग से निकाले रुपये
दोनों महिलाएं उनके दोनों ओर खड़ी थीं। इसी दौरान एक महिला ने उनके बैग से पांच लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित युवती को इस बात का पता करीब 15 मिनट के बाद पता चला। मामले की शिकायत मिलने के बाद राजौरी गार्डन के एसीपी राम सिंह की देखरेख व एसएचओ अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने छानबीन शुरु कर दी। पुलिस टीम ने गुरुग्राम मानेसर रोड पर जाल बिछाकर दोनों आरोपित महिलाओं को पकड़ लिया।