दिल्लीः नक्सलियों को हथियार उपलब्ध कराने वाला एक लाख का इनामी गिरफ्तार
दोनों की गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली पुलिस के हाथ मंगलवार को बड़ी कामयाबी लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध रूप से हथियार सप्लाई करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है।
जो प्राथमिक जानकारी सामने आ रही है कि उसके मुताबिक, अवैध हथियारों की सप्लाई के आरोप में गिरफ्तार एक शख्स पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
दोनों पर आरोप है कि इन्होंने महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में प्रतिबंधित हथियारों की आपूर्ति की थी। पुलिस ने इन दोनों के पास से एक पिस्टल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
यहां पर बता दें कि अप्रैल महीने में महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया गया था, जिसमें पुलिस ने 14 नक्सलियों को ढेर कर बड़ी कामयाबी हासिल की थी। पुलिस की इस कार्रवाई में नक्सली नेता साईनाथ और सिनू भी मारे गए थे।
गढ़चिरौली जिले के इटापल्ली के बोरीया वन क्षेत्र में महाराष्ट्र पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में ये नक्सली मारे गए। माना जा रहा है कि नक्सलियों के खिलाफ यह इस साल अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है। इससे पहले मार्च में छत्तीसगढ़ में 10 नक्सली मारे गए थे। इनमें छह महिला कमांडर थीं। गौरतलब है कि गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों के जवान के अलावा स्थानीय लोग भी नक्सलियों के निशाने पर रहते हैं।