Trump India visit day 2: दिल्ली में आज दिनभर कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, घर से निकलें संभलकर
Trump India visit day 2अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के चलते मंगलवार को राजधानी के कई इलाकों में अन्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Trump India visit day 2: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दौरे के चलते मंगलवार को राजधानी के कई इलाकों में अन्य वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। राष्ट्रपति ट्रंप सोमवार की रात दिल्ली पहुंच गए। यहां वह मौर्या शेरेटन होटल के प्रेसिडेंशियल सुइट में ठहरे हैं। मंगलवार सुबह दस बजे राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत होगा, इसके बाद वह परिवार के साथ राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए जाएंगे। इसके बाद वह हैदराबाद हाउस जाएंगे।
शाम को राष्ट्रपति भवन में होगा रात्रिभोज
मंगलवार शाम को साढ़े सात बजे वह राष्ट्रपति भवन में रात का भोजन करेंगे और फिर अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे। उनके दिल्ली में भ्रमण और विभिन्न स्थानों पर जाने वाले रूट पर अन्य वाहनों के आवागमन को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा। ऐसे में कई मार्गो पर सुबह से लेकर शाम और रात में अलग-अलग समय पर डायवर्जन किया जाएगा।
सोमवार की शाम को भी राष्ट्रपति ट्रंप के दिल्ली आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों को प्रतिबंधित किया गया। इसके चलते दिल्ली छावनी, दिल्ली-गुड़गांव मार्ग (एनएच 48), धौला कुआं, चाणक्यपुरी, एसपी मार्ग, आरएमएल गोल चक्कर और आस-पास के क्षेत्रों में वाहन चालक जाम से जूझते रहे।
सुबह साढ़े दस बजे राजघाट जाएंगे
मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे ट्रंप परिवार के साथ राजघाट जाएंगे। ऐसे में राजघाट की तरफ आने और जाने वाले मार्गों पर कुछ समय के लिए मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। कनॉट प्लेस से लेकर आइटीओ और लाल किले के बीच के मार्गों पर वाहनों को रोका जाएगा।
शाम तक रहेगा रूट डायवर्जन
दोपहर से शाम चार बजे तक मोती बाग, चाणक्यपुरी, इंडिया गेट, आइटीओ के आसपास के क्षेत्रों, दिल्ली गेट, मध्य दिल्ली और नयी दिल्ली के आस-पास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। देर शाम को चाणक्यपुरी, आरएमएल गोल चक्कर, धौला कुआं, दिल्ली छावनी, दिल्ली-गुड़गांव रोड (एनएच 48) और आस-पास के क्षेत्रों में भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
रूट डायवर्जन की जानकारी ट्विटर पर
दिल्ली यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे इन क्षेत्रों में यात्र करने की योजना बनाते समय इन बातों को ध्यान में रखें। दिल्ली से राष्ट्रपति ट्रंप के प्रस्थान के समय भी कुछ मार्गो पर यातायात को रोका जा सकता है।
यातायात पुलिस के अनुसार डायवर्जन की जानकारी वाहन चालकों को ट्विटर और यातायात पुलिस की वेबसाइट से मिल सकती है। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिये भी डायवर्जन और बदले गए मार्गों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।