परेड को लेकर दिल्ली में 7 दिन दो घंटे के लिए विमान सेवा स्थगित, 4 दिन सड़क रूट डायवर्ट
20 से 26 जनवरी तक विमान सेवाओं को सुबह 10:35 बजे से दोपहर 12:15 तक हवाई अड्डे को निलंबित किया जाएगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18 जनवरी को सुबह 10:35 बजे से दोपहर 12:15 बजे विमान सेवाएं स्थगित रहेंगी। ऐसा गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल वजह से किया है। दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार, 19 जनवरी को विमान सेवा को संचालित करने के लिए छूट दी गई है। 20 से 26 जनवरी तक विमान सेवाओं को सुबह 10:35 बजे से दोपहर 12:15 तक निलंबित किया जाएगा। ऐसा गणतंत्र दिवस और इसके मद्देनजर किए जाने वाले रिहर्सल की वजह से किया जाएगा।
राजपथ पर परेड के कारण रफी मार्ग, जनपथ और मानसिंह रोड पर ट्रैफिक 17, 18, 20, और 21 जनवरी को सुबह नौ बजे से 12 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान लोगों को इन रास्तों से जाने से बचने की सलाह दी गई है और इसके विकल्प के तौर पर दूसरे रास्ते को चुनने को कहा गया है। ज्यादा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर जाकर लोग जानकारी ले सकते हैं।
बता दें कि गणतंत्र दिवस की तैयारियां इस समय जोरों पर हैं। रिहर्सल की वजह से कोई दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन ने ये फैसला किया है। फिलहाल रिहर्सल के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं पहले की तरह ही संचालित होंगी।