दर्दनाक हत्या से दहला गुरुग्राम : गुस्साए पति ने पत्नी को 30 बार मारा चाकू
अशोक विहार फेज-तीन निवासी कारोबारी पंकज भारद्वाज ने अपनी पत्नी नेहा की हत्या कर दी। पत्नी के सिर पर पहले रॉड से हमला किया। फिर 30 से अधिक बार चाकू मारा।
गुरुग्राम, जेएनएन। अशोक विहार फेज-तीन निवासी कारोबारी पंकज भारद्वाज ने पत्नी नेहा की हत्या कर दी। पत्नी के सिर पर पहले रॉड से हमला किया। फिर 30 से अधिक बार चाकू से पूरे शरीर पर हमले किए। नेहा के पिता की शिकायत पर सेक्टर पांच थाना पुलिस ने पंकज भारद्वाज को हत्या करने के आरोप में रविवार शाम अशोक विहार फेज-एक इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
बिहार से है लिंक
हत्या में मददगार की भूमिका निभाने में बिहार के सहरसा जिले के गांव मझौल निवासी नसीम अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के मुताबिक इसी ने चाकू लाने से लेकर षडयंत्र रचने में भूमिका निभाई थी। दिल्ली के पटेल नगर निवासी महेश शर्मा ने अपनी बेटी नेहा की शादी 28 अप्रैल 2017 को पंकज भारद्वाज से की थी।
शादी के बाद से ही शुरू हुई अनबन
पंकज प्रिंटिंग प्रेस चलाता है। बताया जाता है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों में अनबन शुरू हो गई थी। कई बार दोनों में मारपीट भी हुई थी। शनिवार को भी दोनों में लड़ाई हुई थी। इसके बाद पंकज ने अपने कर्मचारी नसीम अहमद के साथ मिलकर प्लान बनाया।
पहले सिर पर किया हमला
पहले नेहा के सिर रॉड से हमला किया गया। जब वह गिर गई तो उसके ऊपर 30 से अधिक बार चाकू से हमले किए गए। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान नेहा के मायके से भी लोग पहुंच गए। थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि पंकज भारद्वाज से पूछताछ में पूरी सच्चाई सामने आएगी। उसे हत्या के आरोप में जबकि नसीम को साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच से खुलेगा राज
जांच से पता चलेगा कि दोनों ने किस तरह पूरी कहानी रची थी। चाकू कहां से खरीदकर लाया था। कब से से हत्या करने का प्लान बना रहा था। नसीम का कोई आपराधिक इतिहास है, इस बारे में भी जानकारी हासिल की जाएगी। इसके लिए सहरसा पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा।