मौसम की सबसे ताजा अपडेटः दिल्ली-NCR में आज तेज आंधी और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम बदलेगा और तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। स्काईमेट वेदर के अनुसार बारिश व आंधी का दौर 12 जून तक जारी रहेगा।
नई दिल्ली (जेएनएन)। राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से बादल मंडरा तो रहे हैं, लेकिन बिना बरसे ही लौट जा रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आंधी व बारिश की चेतावनी जारी की थी, लेकिन अब इसकी उम्मीद धुंधली पड़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम बदलेगा और तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। स्काईमेट वेदर के अनुसार बारिश व आंधी का यह दौर 12 जून तक जारी रहेगा। बारिश और आंधी शाम के समय आएगी।
गुरुवार को दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 35 से 74 फीसद रहा।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी। स्काईमेट के अनुसार जून में दिल्ली में अच्छी खासी बारिश होती है। जून में औसत बारिश 82 एमएम (मिलीमीटर) होती है। अब तक बारिश नहीं होने से गर्मी परेशानी बढ़ा रही है। हालांकि, शुक्रवार व शनिवार रात दिल्ली के अलावा नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी आंधी व बारिश आ सकती है।