यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में पांच पुलिसकर्मियों पर भारी पड़े तीन युवक, सब इंस्पेक्टर व ASI को भी पीटा; फिर..
दिल्ली के गुलाबीबाग में कार में बैठे तीन युवकों को बीयर पीने से रोकना पांच पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गया। ...और पढ़ें

नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। उत्तरी जिला के गुलाबीबाग स्थित रेलवे कालोनी के अंदर कार में बैठे तीन युवकों को बीयर पीने से रोकना पांच पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गया। नशे में धुत युवक पहले तो पुलिसकर्मियों से करीब आधे घंटे तक बदतमीजी व गाली गलोच करते रहे। पकड़ने की कोशिश करने पर उन्होंने एक सब इंस्पेक्टर व एक एएसआइ की पिटाई कर दी और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। बहुत मुश्किल से बाद मेें पुलिसकर्मियों ने दो युवकों को दबोच लिया।
घटना 26 अक्टूबर की रात करीब एक बजे की है। गुलाबीबाग थाने के एएसआइ भारत रतन ने शिकायत में कहा है कि 26 अक्टूबर को उनकी रात में 8 बजे सुबह 8 बजे तक इमरजेंसी डयूटी थी। देर रात करीब एक बजे जब वह सिपाही दिलबाग के साथ जिप्सी से गश्त करते हुए रेलवे कालोनी के गेट से अंदर पहुंचे तब उन्होंने देखा कि एक कार में तीन युवक बीयर पी रहे थे और कार का शीशा खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे।
पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तब युवकों ने उनसे पूछा कि वे रेलवे कालोनी के अंदर कैसे आ गए। वह रेलवे पुलिस का इलाका है। एएसआइ ने जब युवकों का वीडियो बनाना शुरू किया तब उन्होंने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी और झगड़ा करने के मकसद से हाथापाई शुरू कर दी।
एएसआइ ने थाने में फोन कर स्टाफ भेजने को कहा। कुछ देर में एसआइ राम रतन व सिपाही विक्रांत पहुंच गए। उन्होंने जब युवकों को थाने चलने को कहा तब उनके साथ भी बदतमीजी करने लगे। काफी देर तक काबू में न आने पर दोबारा थाने में फोन कर और स्टाफ भेजने को कहा गया।
इसपर थानाध्यक्ष सराय रोहिला भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ते देख युवकों ने एसआइ व एएसआइ के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनकी वर्दी भी फाड़ दी। उसके बाद दो युवकों को पुलिसकर्मियों ने काबू में कर गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान रवि व रोहित के रूप में हुई। दोनों रेलवे कालोनी के रहने वाले हैं। अभिषेक मौके से भाग गया।
