गणतंत्र दिवस के दिन बुराड़ी में उपद्रव करने वाले तीन और चढ़े पुलिस के हत्थे
उत्तरी जिला की एसआइटी पहले भी बुराड़ी में उपद्रव मचाने वाले आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं तीन अन्य के दबोचे जाने के बाद गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या 11 हो गई है। अब पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
नई दिल्ली, संतोष शर्मा। उत्तरी जिला की एसआईटी ने गणतंत्र दिवस के दिन बुराड़ी इलाके में हुए उपद्रव में पुलिस पर हमला करने वाले तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गुर प्रकाश, राजेंद्र सिंह और गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। उनके पास से वारदात वाले दिन प्रयुक्त की गई मोटरसाइकिल व स्कूटी सहित मोबाइल फोन आदि बरामद कर लिए गए हैं। इस मामले में उत्तरी जिला की एसआइटी पहले भी बुराड़ी में उपद्रव मचाने वाले आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, तीन अन्य के दबोचे जाने के बाद गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या 11 हो गई है। अब पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक 26 जनवरी सिंघु बार्डर पर कृषि कानून का विरोध करने वाले लाल किला जाने के लिए बुराड़ी इलाके में पहुंचे थे। पुलिस बुराड़ी फ्लाईओवर के पास बैरिकेडिंग लगाकर कर भीड़ को रोकने का प्रयास कर रही थी। तभी उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इसमें अर्द्धसैनिक बल के असिस्टेंट कमांडेंट सहित 30 से ज्यादा पुलिस कर्मी व जवान घायल हो गए थे।
इस संबंध में बुराड़ी थाने में दंगा फैलाने सहित अन्य धाराओं की तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई एसआइटी सक्रिय है। पुलिस की विशेष टीम घटना वाले दिन का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार कर रही है। हमला में शामिल आठ को गिरफ्तार किए जाने के बाद तीन अन्य की पहचान पुलिस ने की थी। जिसके बाद गुर प्रकाश, राजेंद्र सिंह और गुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। गुर प्रकाश महावीर नगर और राजेंद्र व गुरजीत सिंह गुरुनानक देव कालोनी, भलस्वा के रहने वाले हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।