कल से पूसा में शुरू हो रहा है 3 दिवसीय कृषि विज्ञान मेला, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे उद्घाटन
पूसा कृषि विज्ञान मेले में दिल्ली ही नहीं पंजाब हरियाणा व अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसान आते हैं। अन्य बातों के साथ साथ यहां किसानों के आने का एक प्रमुख कारण उन्नत किस्मों का प्रामाणिक बीज खरीदना भी होता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान परिसर पूसा में बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय कृषि विज्ञान मेला शुरू हो रहा है। इसका उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। आत्मनिर्भर किसान की थीम पर आधारित तीन दिवसीय मेले में इस बार कई नई चीजें देखने को मिलेंगी। इसमें पूसा संस्थान द्वारा विकसित कृषि मॉडल, विभिन्न फसलों की प्रदर्शनी, समेकित कृषि मॉडल जैसे आकर्षण शामिल हैं। कृषि विज्ञान मेले में देश के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पूसा की ओर से दिए जाने वाले फेलो फार्मर पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यहां किसानों के समक्ष प्रगतिशील कृषक अपने अनुभव सभी से साझा करेंगे। इसके अलावा कई ऐसे सत्र भी यहां आयोजित होंगे जिसमें विज्ञानी व कृषि एक दूसरे से सीधा संवाद करेंगे। मेला आयोजन के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य जारी है।
लगाए जा रहे हैं 130 स्टॉल
इस बार मेले में 130 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। ये स्टाल भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से संबद्ध विभिन्न संस्थानों, विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों, प्रगतिशील किसानों व कृषि उत्पादों की बिक्री व विपणन करने वाली कंपनियों को आवंटित किए गए हैं। स्टाल पर भीड़ नहीं रहे इसके लिए इस बार दो स्टॉल के बीच की दूरी का भी ध्यान रखा गया है।