सोनिया गांधी के निजी सचिव के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज, महिला का आरोप शादी का झांसा देकर की वारदात
महिला ने पुलिस को बताया कि एक दिन उत्तम नगर में रात दस बजे मिलने के लिए माधवन ने बुलाया। महिला का आरोप है कि माधवन ने कार में उसे बिठा लिया और अपने ड्राइवर को वहां से जाने के लिए कहा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पीपी माधवन पर एक महिला ने उत्तम नगर थाने में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है। मामला 26 जून को उत्तम नगर थाने में दर्ज किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि उसके पति कांग्रेस के कार्यक्रमों में होर्डिंग्स व पोस्टर लगाते थे। वर्ष 2018 से वह भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में जाने लगी थी। इस दौरान वह कई बार पार्टी कार्यालय गई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में उसके पति की मौत के बाद उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई।
मदद की आस में वह कांग्रेस दफ्तर गई तो वहां पर पीपी माधवन का नंबर किसी ने दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पीपी माधवन से बात की और अपनी दयनीय स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद उनसे बातचीत का सिलसिला चलता रहा। महिला के मुताबिक पीपी माधवन ने इस वर्ष 21 जनवरी को नौकरी के इंटरव्यू के लिए सुंदर नगर के एक मकान में बुलाया।
वहां पर महिला के कागजात लेने के साथ ही उसके परिवार के बारे में माधवन ने पूछताछ की। महिला ने पुलिस को बताया कि माधवन ने अपनी पत्नी से तलाक होने की बात कहते हुए उससे शादी करने की इच्छा जाहिर की। महिला ने भी शादी के लिए हामी भर दी। इसके बाद वीडियो व आडियो काल से बात होने लगी।
महिला ने पुलिस को बताया कि एक दिन उत्तम नगर में रात दस बजे मिलने के लिए माधवन ने बुलाया। महिला का आरोप है कि माधवन ने कार में उसे बिठा लिया और अपने ड्राइवर को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद महिला के साथ गलत व्यवहार करने लगा। महिला ने विरोध किया तो गुस्से में वह चला गया।
अगले दिन माधवन ने महिला को काल किया और माफी मांगी। इसके बाद पहले की तरह ही बात होने लगी। महिला ने आरोप लगाया कि एक दिन दोबारा आरोपित ने सुंदर नगर के एक फ्लैट पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। एक दिन महिला से बातचीत के क्रम में ही आरोपित ने कहा कि तुम्हारा नंबर मेरी पत्नी ने देख लिया है। मोबाइल में नाम बदलना पड़ेगा।
इसके बाद महिला को पता चला कि आरोपित की पत्नी के साथ तलाक नहीं हुआ है। महिला ने आरोप लगाया कि माधवन ने उसे धमकी भी दी। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि उसके पास सुबूत के तौर पर काफी वीडियो हैं, जिसे वह पुलिस को दे सकती है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसमें अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।