विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट, 300 से अधिक ट्विटर हैंडल पर नजर

By Prateek KumarEdited By:
Published: Fri, 05 Feb 2021 09:45 AM (IST)Updated: Fri, 05 Feb 2021 11:17 AM (IST)

पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट ने दिल्ली पुलिस में खलबली मचा दी। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने ...और पढ़ें

स्वीडन की पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस में खलबली मचा दी।
स्वीडन की पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस में खलबली मचा दी।

नई दिल्ली, राकेश कुमार सिंह। कृषि कानून विरोधी आंदोलन को लेकर ट्विटर के जरिये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ साजिश रची जा रही है। स्वीडन की पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस में खलबली मचा दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ देशद्रोह, दंगे भड़काने की साजिश, दो समुदायों अथवा गुटों में दुश्मनी बढ़ाने व आपराधिक साजिश रचे जाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल व स्पेशल सेल की बड़ी टीम को इस मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कृषि कानून विरोधी आंदोलन को लेकर ग्रेटा थनबर्ग के विवादित ट्वीट ने इंटरनेट मीडिया पर खासा बवाल मचा रखा है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आंदोलन को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालकर देश में अस्थिरता पैदा करने की लगातार कोशिश की जा रही है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल व स्पेशल सेल इस पर नजर रख रही हैं। अब तक दस से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, जबकि चार आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है।

बृहस्पतिवार शाम इस मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में विशेष आयुक्त अपराध शाखा प्रवीर रंजन ने ग्रेटा थनबर्ग का नाम लिए बगैर बताया कि ट्विटर पर विदेश से टूल किट पोस्ट की गई थी। इसमें किसान आंदोलन को लेकर विवादित बातें थीं। ऐसा करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साजिश रची गई। हालांकि बाद में ट्वीट को डिलीट कर दिया गया।

पुलिस यह जांच कर रही है कि ट्विटर हैंडलर ने जानबूझकर पोस्ट डिलीट कर दी या गलती से डिलीट हो गया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भ्रामक प्रचार करने के कारण दिल्ली पुलिस इंटरनेट मीडिया पर पूरी सतर्कता से निगरानी कर रही है। 300 से अधिक ट्विटर हैंडल पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि टूल किट मामले में फिलहाल केस दर्ज कर जांच की जा रही है।