जानें क्यों खुशी से रो पड़ा यह पाकिस्तानी शख्स फिर बोला- Thanks India
रोहन के पिता कनवाल सादिक ने मेडिकल वीजा मंजूर किए जाने पर भी भारत का शुक्रिया अदा किया था।
नोएडा (जेएनएन)। हमेशा बुरा सोचने वाले पाकिस्तान के साथ भारत हमेशा से मानवता का परिचय देता रहा है। इसी कड़ी में पाकिस्तानी बच्चे रोहन सिद्दीकी का नोएडा के जेपी हॉस्पिटल में सफल इलाज हुआ। 4 महीने के रोहान के दिल में छेद था। सुषमा स्वराज के हस्तक्षेप के बाद रोहन के परिवार को इलाज के लिए वीजा मिला था। मंगलवार को जब स्वस्थ बच्चे को डिस्चार्ज किया गया तो पिता कनवाल सादिक रो पड़े। उन्होंने कहा कि बच्चे के इलाज के लिए पाकिस्तान और यूएई के बड़े अस्पतालों का चक्कर लगाए थे, लेकिन भारत में आकर बच्चे को नया जीवन मिला। उन्होंने भारत को शुक्रिया कहा।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के लाहौर निवासी चार वर्षीय रोहन के दिल में छेद था, जिसका पाकिस्तान के अस्पतालों में इलाज संभव नहीं हो पा रहा था। इसके बाद रोहन के परिजनों ने भारत में इलाज कराने का मन बनाया, लेकिन इन दिनों दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव की वजह से रोहन को वीजा मिलने में मुश्किल हो रही थी।
परिजनों ने सुषमा स्वराज से संपर्क साधा तो उन्होंने मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए रोहन का भारत आने का इंतजाम करा दिया। इसके बाद जेपी अस्पताल के पीडियाट्रिक कार्डियेक सर्जन डॉ. राजेश शर्मा ने रोहन के दिल का ऑपरेशन किया। रोहन के पिता कनवाल सादिक ने मेडिकल वीजा मंजूर किए जाने पर भी भारत का शुक्रिया अदा किया था।