विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर पूर्वी निगम ने शुरू की सख्ती , पढ़िए 24 घंटे में कितने लोगों का कटा चालान

By Pradeep ChauhanEdited By:
Published: Mon, 15 Nov 2021 09:58 PM (IST)Updated: Mon, 15 Nov 2021 10:13 PM (IST)

पिछले 14 घंटे में निगम अधिकारियों ने कुल 129 चालान किए। इसके अलावा प्रदूषण रोकने में लापरवाही बरतने वाले दो ...और पढ़ें

प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।
प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।

नई दिल्ली [स्वदेश कुमार] । बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए पूर्वी निगम की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ अब सख्ती भी शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटे में निगम अधिकारियों ने कुल 129 चालान किए। इसके अलावा प्रदूषण रोकने में लापरवाही बरतने वाले दो निगम कर्मचारियों को भी निगमायुक्त विकास आनंद ने निलंबित कर दिया है। महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल और निगमायुक्त ने सोमवार को अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की और उन्हें सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।

प्रदूषण के मुद्दे पर महापौर के साथ बैठक में स्थायी समिति अध्यक्ष बीर सिंह पंवार, पर्यावरण प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रोमेश गुप्ता, निर्माण समिति के अध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, उपायुक्त आर मेनका, प्रमुख अभियंता दिलीप रमनानी, मुख्य अभियंता राजेंद्र प्रसाद, अतिरिक्त निगम स्वास्थ्य अधिकारी डा. सोमशेखर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर ने कहा कि पूर्वी निगम प्रदूषण के खिलाफ निरंतर रूप से काम कर रहा है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। वहीं निगमायुक्तने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण रोकथाम को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। निगमायुक्त ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा प्रदूषणकारी गतिविधियों की रोकथाम के लिए टीमों का गठन किया गया है और 24 घंटे निगरानी की जा रही है। निगमायुक्त ने अधिकारियो को निर्देश दिए कि पूर्वी निगम की प्रदूषण रोधी योजना 2021-22 के मुताबिक काम करते रहें और प्रदूषणकारी गतिविधियों पर अंकुश लगाए रखें।

सोमवार को निगमायुक्त ने गौतमपुरी और ब्रह्मपुरी वार्ड का दौरा भी किया। यहां उन्होंने अपने कार्य में कोताही बरतने वाले दो सफाई निरीक्षकों को तत्काल निलंबित कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक दोनों वार्ड में स्वच्छता में कमी और खुले में कूड़ा जलाने की घटनाएं सामने आईं। इसी वजह से निगमायुक्त ने यह कार्रवाई की। विकास आनंद ने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पूर्वी निगम भरसक प्रयास कर रहा है और ऐसे में कुछ अधिकारियों या कर्मचारियों द्वारा की जाने वाली लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को अपना कार्य ईमानदारी से करने का निर्देश दिया। बता दें कि पूर्वी निगम की तरफ से सड़कों से धूल हटाने के लिए 10 स्वीपिंग मशीन, 40 पानी का छिड़काव करने वाली स्प्रींकलिंग मशीन मैदान में उतारे हैं। इनके अलावा तीन एंटी स्माग गन भी लगाए गए हैं।

पिछले 24 घंटे में कार्रवाई

  • 07 चालान किए गए खुले में मलबा डालने पर
  • 14 चालान निर्माण स्थल पर धूल उड़ने को लेकर
  • 108 चालान खुले में कूड़ा डालने पर