विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण केस में 202 लोगों के बयान दर्ज , SIT को अब नहीं मिल पाया कोई ठोस सबूत

By Rakesh Kumar SinghEdited By: Shyamji Tiwari
Published: Wed, 07 Jun 2023 10:36 PM (IST)

महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ याैन शोषण मामले ...और पढ़ें

महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण केस में 202 लोगों के बयान दर्ज
महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण केस में 202 लोगों के बयान दर्ज

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। एक नाबालिग समेत सात महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ याैन शोषण मामले में अब तक 202 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। बुधवार को 18 लोगों के बयान दर्ज किए गए।

एसआईटी ने दर्ज किए

मंगलवार तक 184 लोगों के बयान दर्ज किए गए थे, जिनमें करीब 40 कुश्ती संघ से जुड़े लोग शामिल हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस की एसआईटी अत्यंत गोपनीय तरीके से जांच में जुटी हुई है। एसआईटी ने दिल्ली, अयोध्या, गोंडा व लखनऊ जाकर बृजभूषण के स्वजन, करीबियों, कर्मचारियों व पीड़ित महिला पहलवानों द्वारा बताए गए खेल मंत्रालय से जुड़े कर्मचारियों व कोच आदि के बयान दर्ज किए।

अब तक नहीं मिल सका ठोस सबूत

दिल्ली पुलिस मुख्यालय सूत्रों की मानें तो जितने लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं, उनमें अधिकतर ने यौन शोषण से संबंधित जानकारी होने से इनकार ही किया है। ऐसे में एसआईटी को मुकदमे से संबंधित कोई ठोस सुबूत नहीं मिल पाया है। पिछले एक सप्ताह से दिल्ली पुलिस बृजभूषण मामले से संबंधित जांच पर चुप्पी साधे हुए है।

एक नाबालिग पहलवान के बालिग होने की बात सामने आ चुकी है। जिससे पॉक्सो का केस बंद हो सकता है। छह बालिग पहलवानों के मामले में भी ठोस सुबूत नहीं मिलने पर पुलिस के पास मामले में अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के सिबाय कोई विकल्प नहीं लग रहा है। माना जा रहा है कि 15 जून से पहले दिल्ली पुलिस इस मामले में कोर्ट में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर सकती है।