दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर ने दी कोरोना को मात, कहा योग से मिली लड़ने की ताकत
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर सुनीता कांगड़ा ने कोरोना संक्रमण के बाद एकांतवास के दौरान अनुशासित जीवनशैली अपनाकर कोरोना को मात दे दी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की महापौर सुनीता कांगड़ा ने कोरोना संक्रमण के बाद एकांतवास के दौरान अनुशासित जीवनशैली अपनाकर कोरोना को मात दे दी है। उन्होंने कहा कि एकांतवास में नियमित योगाभ्यास उनकी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा था।
सुबह व शाम के समय योगाभ्यास करने से उन्हें आंतरिक उर्जा प्राप्त होती थी। इस आंतरिक उर्जा को देखकर कोरोना वायरस को अंत में उनसे दूर भागना ही पड़ा।
सुनीता बताती हैं कि कोविड जांच में संक्रमण की पुष्टि के बाद सबसे बड़ी समस्या खुद पर संयम बनाए रखने की होती है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले आपको खुद पर संयम रखना चाहिए। जब तक आप खुद पर इस बात का यकीन नहीं कर लेते हैं कि हां, मैं कोरोना को परास्त कर दूंगी, तब तक आप परेशान ही रहेंगे। मेरे साथ सबसे बड़ी समस्या यह थी कि मेरे घर में छोटे छोटे बच्चे भी हैं।
योगाभ्यास को बनाया नियमित दिनचर्या
इन्हें खुद से दूर रखना एक बड़ी चुनौती थी। फिर भी मैंने खुद पर संयम रखा और एकांतवास में चली गई। एकांतवास में जाने के बाद रोजाना सुबह व शाम के समय मैं योगाभ्यास करती। पहले व्यस्त जीवनशैली में योगाभ्यास में निरंतरता नहीं रहती थी। कई कई दिन योगाभ्यास नहीं हो पाता था। लेकिन एकांतवास के दौरान यह समस्या नहीं रही।
मैंने रोजाना सुबह व शाम योगाभ्यास किया। इससे आंतरिक उर्जा की अनुभूति हाेती थी। आपके अंदर नकारात्मक विचार एकदम नहीं आते हैं। आपके चारों ओर सकारात्मक उर्जा से घिरा एक आवरण बन जाता है। ऐसा लगता है मानों आप पूरी तरह सुरक्षित हैं। चारों ओर छाए सकारात्मक उर्जा ने ही कोरोना को परास्त किया।
कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं, बस सावधान रहें: दिनेश
वहीं, मदनगीर के निगम पार्षद दिनेश कुमार ने बताया कि उनके वार्ड में जगह-जगह सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। क्षेत्र की गलियों, लोगों के घरों और पार्को तक को सैनिटाइज किया जा रहा है। दैनिक जागरण से बातचीत में दिनेश कुमार ने बताया कि जिन लोगों के पास दिल्ली का आधार कार्ड या यहां का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र नहीं है उनके लिए भी दिल्ली सरकार की ओर से नि:शुल्क राशन व अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर वार्ड में लोगों की बराबर मदद की जा रही है। जिस भी गली में कोई कोरोना संक्रमित मिल रहा है, उसकी इलाज से लेकर हर तरह की मदद की जा रही है।